जमीन विवाद में ASI ने चलाई गोलियां, युवक की मौत, तीन घायल

Rajgarh राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। फायरिंग का आरोप पुलिस विभाग में तैनात एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) पर लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना तलेन थाना क्षेत्र के इकलेरा गांव बिलालखेड़ी की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान दिलीप कुंभकार उर्फ प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक वह पूर्व सैनिक है और वर्तमान में शाजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एएसआई के पद पर सेवाएं दे रहा था। उसकी मूल पदस्थापना उज्जैन जिले में बताई गई है और वह वर्ष 2021 से शाजापुर में अटैचमेंट पर था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद एक प्लॉट को लेकर शुरू हुआ था। गांव की गुलाबबाई शर्मा कथित तौर पर अपना प्लॉट दीपक मोहबे को बेच रही थीं। आरोपी एएसआई ने इसके बगल की जमीन खरीदी थी। आरोप है कि इसी जमीन और प्लॉट को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। मामले को लेकर पुलिस थाने में शिकायत भी की गई थी। रविवार दोपहर दीपक मोहबे संबंधित प्लॉट पर पहुंचा था। इसी दौरान एएसआई दिलीप से उसकी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर स्थानीय निवासी सतीश, मुकेश और संतोष जाटव बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान एएसआई ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

गोली लगने से दीपक मोहबे गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सतीश जाटव, मुकेश जाटव और संतोष जाटव भी फायरिंग में घायल हुए। सतीश और मुकेश की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें शुजालपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। संतोष को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

फायरिंग की घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी एएसआई कथित तौर पर बंदूक लेकर मोटरसाइकिल से मौके से निकल गया। सूचना मिलने पर तलेन थाना पुलिस ने घेराबंदी की और उसे रास्ते में पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली। तलेन पुलिस ने आरोपी एएसआई के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय आरोपी छुट्टी पर था या बिना अनुमति अपने तैनाती स्थल से आया था। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button