#Social

ट्रेन में किन्नर गुटों के बीच हुआ विवाद, वीडियो वायरल


Shujalpur. शुजालपुर। रीवा एक्सप्रेस में बख्शीश मांगने को लेकर शुक्रवार को शुजालपुर और भोपाल के किन्नरों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान भोपाल के किन्नरों के दो साथियों के साथ मारपीट की गई। इससे दो दिन पूर्व भी इसी प्रकार का विवाद दोनों गुटों के बीच हुआ था। इसमें स्थानीय रहवासियों को भी चोंट आई थी। शनिवार को भोपाल के किन्नरों ने शुजालपुर मंडी थाने पर पहुंचकर अर्धनग्न प्रदर्शन किया। इससे हंगामे की स्थिति बन गई। शुजालपुर की किन्नर मुस्कान का कहना है कि पहले भोपाल के किन्नर कालापीपल स्टेशन तक बख्शीश मांगते थे, लेकिन अब वे उज्जैन तक पहुंचने लगे हैं। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।
मुस्कान के अनुसार, जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो दोनों गुटों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में झगड़े में बदल गई। घटना सात मार्च की रात की है। उज्जैन से रीवा एक्सप्रेस में भोपाल जा रहे किन्नरों के साथी उज्जैन निवासी कपिल राठौर और राज ठाकुर को शुजालपुर के किन्नरों ने बेरछा रेलवे स्टेशन से शुजालपुर लाकर मारपीट की। दोनों घायल हुए हैं। वे भोपाल में किन्नर शिरीन गुरु के साथ रहते हैं। शुजालपुर के किन्नरों ने भोपाल के किन्नरों को अपने क्षेत्र में बख्शीश मांगने पर रोका था। शुजालपुर के मुस्कान किन्नर के साथी करिश्मा और अन्य ने उन्हें रात 11:15 बजे शुजालपुर प्लेटफार्म पर प्लास्टिक पाइप से पीटा, फिर मुस्कान किन्नर के घर ले जाकर राजेंद्र ठाकुर और शुभम मीणा ने भी मारपीट की।
उनका मोबाइल और नकदी छीन लिए। घटना से गुस्साए भोपाल के किन्नर शनिवार को एकत्रित होकर दोपहर में मंडी पुलिस थाने पहुंचे और वहां अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंडी थाने पर पदस्थ महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान करने पहुंची समाजसेवी महिलाओं को शर्मिंदा होकर वापस लौटना पड़ा। इतना ही नही प्रदर्शन कर रहे किन्नर पुलिस पर भी हावी होने लगे तब स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस विवाद में दोनों गुट के लोग पुलिस चौकी पर जमा हो गए थे। पुलिस ने दोनों गुटों की बात सुन विवाद में घायल हुए किन्नरों के दोनों साथियों की ओर से की गई शिकायत पर पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर लिया है। शुजालपुर के किन्नरों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button