ड्रग्स डील का प्लान फेल, ANC ने बिछाया जाल 64 लाख की हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार

Mumbai मुंबई। मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 323 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 64.70 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स सेल की कांदिवली यूनिट ने अंधेरी के वर्सोवा इलाके में की। पुलिस के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ड्रग्स सप्लाई करने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने जाल बिछाया और मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी हेरोइन कहां से लाए थे और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है। मुंबई पुलिस के अनुसार, शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीमें ड्रग सप्लाई से जुड़े लोगों पर नजर रख रही हैं और सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं।

अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों और ड्रग सप्लाई चैन की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को मुंबई में बढ़ते ड्रग नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ड्रग्स की अवैध खरीद-बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button