#Social

दो बड़ी शराब रेड कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार, 250 लीटर महुआ शराब बरामद


Raigarh. रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन पर कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम रानीगुड़ा में कल 23 जून को पुलिस ने दो अलग-अलग दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्यवाही थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त व टीम द्वारा की गई, जिसमें कुल 250 लीटर कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण व सामग्री जप्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम रानीगुड़ा के हरीजन मोहल्ला में दो लोग अपने घर के बाड़ी में हाथ भट्टी की शराब बनाकर बिक्री हेतु रखे हैं। इस पर पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर गांव रवाना हुई। मौके पर पुलिस को देख एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ललित कुमार सारथी पिता बुटू राम सारथी उम्र 38 वर्ष निवासी रानीगुड़ा बताया। आरोपी ने अपने बाड़ी में शराब बनाना स्वीकारते हुए पुलिस को मौके पर ले गया, जहां मिट्टी से बने चूल्हे पर लकड़ी की आग जल रही थी और ऊपर सिल्वर रंग की डेच्की में शराब पक रही थी। तलाशी में उसके कब्जे से कुल 120 लीटर कच्ची महुआ शराब, 20 लीटर क्षमता वाला जेरिकन, शराब बनाने की 30 किलो क्षमता वाली डेच्की सहित कुल 14 हजार रुपये की सामग्री बरामद की गई।
इसी दौरान दूसरे आरोपी रामकुमार सारथी पिता चमार सिंह सारथी उम्र 45 वर्ष निवासी रानीगुड़ा को भी पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। उसने भी अपने बाड़ी में शराब बनाना स्वीकार किया। मौके पर उसके कब्जे से 130 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, प्लास्टिक के डिब्बे, 30 किलो क्षमता की डेच्की सहित कुल 15 हजार रुपये की सामग्री बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 271/2025, 272/2025 आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कार्यवाही में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक करूणेश राय, आरक्षक संदीप कौशिक, चंद्रेश पाण्डेय व संजय केरकेट्टा शामिल थे। कोतरारोड़ पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button