पहले बारात लौटाई, अब उसी दूल्हे से कर ली शादी

जांजगीर-चांपा। CG NEWS: कुछ सप्ताह पहले नशे में पहुंचे दूल्हे की बारात लौटाकर पूरे छत्तीसगढ़ में चर्चा का केंद्र बनीं मुस्कान प्रधान ने अब ऐसा फैसला लिया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। जिस युवक से उन्होंने शादी करने से साफ इनकार कर दिया था, उसी के साथ अब उन्होंने मंदिर में विवाह कर नया जीवन शुरू कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 23 जून को शादी टूटने के बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। इस दौरान कई गलतफहमियां दूर हुईं और दोनों ने आपसी सहमति से दोबारा साथ रहने का फैसला लिया। इसके बाद गुरुवार को दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से मंदिर में विवाह कर लिया।

– Advertisement –

Ad image

परिवार परामर्श केंद्र से निकलकर पहुंचीं मंदिर

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह मुस्कान प्रधान अपने गांव कोसमंदा से महिला परिवार परामर्श केंद्र पहुंची थीं। दोपहर में वहां से निकलने के बाद वह सीधे खोखरा गांव पहुंचीं, जहां संत कुमार और उनके परिजन पहले से मौजूद थे। दोनों ने मनका दाई मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में पूरी कीं और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार, लड़के के परिवार को इस विवाह की जानकारी पहले से थी, जबकि लड़की के परिजनों को इसकी सूचना बाद में मिली।

– Advertisement –

Ad image

घर नहीं पहुंचीं तो शुरू हुई तलाश

जब शाम तक मुस्कान घर नहीं लौटीं और उनका मोबाइल भी बंद मिला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और साइबर टीम ने उनकी लोकेशन तलाशनी शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुस्कान खोखरा गांव में संत कुमार के घर पर मौजूद हैं।

सूचना मिलते ही चांपा सीएसपी योगिता खपड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों से अलग-अलग बातचीत की। अधिकारियों के अनुसार, मुस्कान ने स्पष्ट रूप से बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से संत कुमार के साथ विवाह किया है और उनके साथ रहना चाहती हैं। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मामला समाप्त कर दिया।

शादी टूटने के बाद बदला फैसला

मुस्कान और संत कुमार का कहना है कि शादी टूटने के बाद दोनों लगातार संपर्क में रहे। बातचीत के दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की और आपसी मतभेद दूर किए। इसके बाद दोनों इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि वे अपना रिश्ता एक और मौका देना चाहते हैं।

संत कुमार का दावा है कि शादी वाले दिन उन्होंने शराब नहीं पी थी। उनके अनुसार, किसी ने उनकी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वे नशे में हैं। हालांकि, इस दावे की अब तक किसी जांच एजेंसी या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

23 जून को पूरे प्रदेश में बनी थी मिसाल

23 जून को शादी के दौरान मुस्कान प्रधान ने कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचे दूल्हे को देखकर विवाह से इनकार कर दिया था। उनका यह फैसला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया था। उस समय उन्होंने कहा था कि जो व्यक्ति अपनी शादी के दिन खुद पर नियंत्रण नहीं रख सकता, वह जीवनभर जिम्मेदारी कैसे निभाएगा।

उनके इस फैसले की जिला प्रशासन, पुलिस और कई सामाजिक संगठनों ने सराहना की थी। जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मुस्कान को सम्मानित भी किया था। बाद में उन्हें महिला परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के रूप में भी जिम्मेदारी दी गई।

अब फिर चर्चा में मुस्कान

बारात लौटाने के साहसिक फैसले से पहचान बनाने वाली मुस्कान प्रधान अब उसी युवक से विवाह करने के कारण एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनके इस नए फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल दोनों ने अपनी मर्जी से साथ रहने और वैवाहिक जीवन शुरू करने का निर्णय लिया है, जबकि शादी वाले दिन हुई घटना को लेकर किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button