पुआल के ढेर में आग लगने से दो बच्चों की मौत, खेल-खेल में माचिस जलाई और…

गुमला: झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत कामडारा और पालकोट थाना क्षेत्र में बुधवार को दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में पुआल के ढेर में लगी आग की चपेट में आकर दो बच्चों की मौत हो गयी।

पहली घटना कामडारा थाना क्षेत्र के सरिता गांव में हुई, जहां डेढ़ वर्षीय नमन लुगून पुआल के ढेर में खेलते समय लगी आग में बुरी तरह झुलस गया। ग्रामीणों के अनुसार, पास में खेल रहे बच्चों ने खेल-खेल में माचिस जलाई और अनजाने में पुआल में आग लगा दी। आग लगते ही तेज लपटें उठने लगीं। बाकी बच्चे वहां से भाग गए, लेकिन नमन बाहर नहीं निकल सका।

परिजनों और ग्रामीणों ने आग बुझाकर उसे गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे गंभीर स्थिति में रिम्स रांची रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना पालकोट थाना क्षेत्र के बिलिंगबीरा गांव में सामने आई। यहां एक वर्ष नौ माह की शोभा कुमारी पुआल के ढेर के पास खेल रही थी। उसकी मां शारदा देवी खेत में फसल काटने गई थीं। इसी दौरान घर के पास खेल रहे बच्चों ने पुआल में आग लगा दी, जो तेजी से फैल गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन शोभा तब तक गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया और वहां से रिम्स रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

दोनों घटनाओं के बाद सरिता और बिलिंगबीरा गांव में शोक का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और ग्रामीणों ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई है। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से धनकटनी के मौसम में पुआल में आग लगने की घटनाओं के प्रति सतर्कता की अपील की है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button