पुलिस ने इजरायली पर्यटक का खोया पासपोर्ट, नकदी और कीमती सामान बरामद किया

राजस्थान: पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक इजरायली महिला पर्यटक का खोया हुआ बेल्ट पाउच महज दो दिनों में बरामद कर लिया। पाउच में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, चार क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, 20,000 रुपए नकद और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

पुलिस ने गुरुवार को सभी सामान सुरक्षित रूप से पर्यटक को वापस सौंप दिया। यह कार्रवाई मालपुरा पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) की संयुक्त जांच के बाद संभव हो सकी। जानकारी के अनुसार, इजरायल की रहने वाली मोशायोफ नोम 19 अक्टूबर को अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से पुष्कर से रणथंभौर जा रही थीं। वन्यजीव सफारी के लिए यात्रा के दौरान उन्हें पता चला कि कमर पर बंधा उनका बेल्ट पाउच कहीं गिर गया है।

पर्यटक और उनके साथियों ने पूरे रास्ते पाउच की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने मालपुरा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। यह अभियान टोंक के पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा की निगरानी में चलाया गया।

मालपुरा थाना प्रभारी चैनाराम बेड़ा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसे पाउच और उसमें रखे सामान का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूचनाओं दोनों का सहारा लिया। संभावित मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खोया हुआ सामान मूमाना गांव में हो सकता है, जो टोंक जिले के पीपलू थाना क्षेत्र में आता है।

इसके बाद पुलिस ने 19 अक्टूबर को मालपुरा और मूमाना के बीच यात्रा करने वाले सात लोगों की पहचान की और उनसे पूछताछ की।

जांच के आधार पर पुलिस ने पूरा बेल्ट पाउच बरामद कर लिया। इसमें पर्यटक का पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, चार क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, 20,000 रुपए नकद और अन्य आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित मिले।

सामान मिलने के बाद पुलिस ने पर्यटक को सूचना दी और गुरुवार को उनका पूरा सामान लौटा दिया।

अपना सामान वापस मिलने पर मोशायोफ नोम ने राजस्थान पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग की सराहना करते हुए एक वीडियो संदेश भी जारी किया।

इस अभियान में डीएसटी मालपुरा के सहायक उपनिरीक्षक नारायण लाल शर्मा और हेड कांस्टेबल रामराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह सफलता विदेशी पर्यटकों की सहायता के लिए राजस्थान पुलिस की तत्परता, समन्वित जांच और पेशेवर कार्यशैली को दर्शाती है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button