#Social
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से मोड़ियम पारा वासियों को पेयजल समस्या से मिली राहत

Bijapur. बीजापुर। जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम चेरकंठी के मोड़ियम पारा के ग्रामीणों को आखिरकार पेयजल समस्या से बड़ी राहत मिल गई है। कलेक्टर संबित मिश्रा के त्वरित एक्शन ने गांव में बोर खनन और हैंडपंप लगवा दिया है, जिससे लगभग 20 परिवारों की सालों पुरानी परेशानी दूर हो गई है। मोड़ियम पारा के निवासियों को पीने के पानी के लिए अब तक 2 किलोमीटर से भी अधिक दूर पैदल जाना पड़ता था। यह ग्रामीणों के लिए एक बड़ी और दैनिक चुनौती थी। अपनी इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए, ग्रामीणों ने जिले के कलेक्टर संबित मिश्रा से गुहार लगाई थी।
कलेक्टर संबित मिश्रा ने ग्रामीणों के आवेदन को गंभीरता से लिया। उन्होंने बिना देरी किए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तुरंत बोर खनन करने और हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के इस पहल का नतीजा यह हुआ कि अब ग्रामीणों को अपने ही पारा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो गया है। मोड़ियम पारा के बद्री मोड़ियम ने राहत भरी सांस लेते हुए कलेक्टर संबित मिश्रा का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, पहले पानी के लिए 2 से चार किमी दूर पैदल जाना पड़ता था, अब हमारे पारा में ही हैंडपंप लग गया है। हम कलेक्टर साहब को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने हमारे आवेदन को संज्ञान में लिया। इस कदम से न सिर्फ ग्रामीणों का समय और मेहनत बची है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार आया है।




