बिलासपुर के खपरगंज में दो पक्षों में विवाद के बाद पथराव, कई लोग घायल
मारपीट के बाद बढ़ा विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खपरगंज क्षेत्र में एक पक्ष के युवक द्वारा दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले गाली-गलौज और बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर पथराव किए जाने की बात सामने आई है। अचानक हुए पथराव से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। घायलों के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
नारेबाजी से माहौल हुआ तनावपूर्ण
मारपीट और पथराव के बीच दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे इलाके का माहौल और तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत की स्थिति देखी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को नियंत्रित करने की कोशिश की। किसी भी तरह की अतिरिक्त अप्रिय घटना को रोकने के लिए आसपास के क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और पथराव की शुरुआत किस तरफ से हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटा रही है।
इलाके में पुलिस की कड़ी निगरानी
Source link



