मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से की राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में शामिल होने की अपील

National Pulse Polio Campaign : रायपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों, विशेषकर माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए यह एक छोटा लेकिन बेहद महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि “जब बात बच्चों के भविष्य की हो, तो हमारी छोटी-सी सावधानी भी बड़ा बदलाव ला सकती है। पोलियो की दो बूंद केवल एक दवा नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है।”

उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को बचाने के लिए प्रत्येक अभिभावक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि वे अपने आसपास यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को मजबूत बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button