मेट्रो स्टेशन पर भाग रहे यात्री को दबोचा, अंडरगारमेंट में मिली संदिग्ध वस्तु
सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कैसे वह भागने का प्रयास करता है, लेकिन सीआईएसएफ जवान उसे अपनी मुस्तैदी से पकड़ लेता है। आईएसएफ के अनुसार, दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर तैनात जवान नियमित रूप से यात्रियों के सामान की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक्स-रे मशीन की स्क्रीन पर एक संदिग्ध और सघन वस्तु दिखाई दी। जांच के दौरान एक यात्री वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
स्थिति को भांपते हुए सीआईएसएफ कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और यात्री का पीछा किया। जवानों ने तत्परता और आपसी तालमेल का परिचय देते हुए उसे स्टेशन के एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया। इसके बाद यात्री के सामान की गहन जांच की गई। जांच के दौरान उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में छिपाकर रखा गया एक अज्ञात अर्ध-ठोस पदार्थ बरामद हुआ। हालांकि, उपलब्ध जानकारी में इस पदार्थ की प्रकृति और उसकी पहचान की पुष्टि नहीं की गई है। खुद को कुआलालंपुर में रहने वाला अप्रवासी भारतीय (एनआरआई) बताने वाले यात्री को बरामद पदार्थ और उसके सामान के साथ आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया। सीआईएसएफ की इस त्वरित कार्रवाई को मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जवानों की सतर्कता और तत्परता का उदाहरण बताया गया है। संदिग्ध वस्तु की पहचान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि आगे की जांच के बाद ही हो सकेगी।
Source link




