युवक की सिरविहीन लाश मिलने से सनसनी

कांकेर। CG NEWS: दुर्गूकोंदल इलाके में सोमवार  उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हाहालद्दी मंदिर के पीछे झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। शव की हालत देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। मृतक का सिर मौके पर नहीं था, जबकि पास ही एक पेड़ से रस्सी लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। फिलहाल युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक सुबह मंदिर के पीछे जाने पर झाड़ियों के बीच शव दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल दुर्गूकोंदल थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी सुनील दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के इलाके की तलाशी लेने के साथ ही घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

– Advertisement –

Ad image

शव के पास मिली रस्सी, मामला हुआ संदिग्ध

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास एक पेड़ से रस्सी लटकी हुई मिली। दूसरी ओर शव का सिर गायब होने की वजह से कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि रस्सी और युवक की मौत के बीच कोई सीधा संबंध है। पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

चप्पल और कपड़ों से सामने आई पहचान

पुलिस ने शव के आसपास मिले सामान और मृतक के कपड़ों की जांच की। चप्पल, टी-शर्ट समेत अन्य पहचान संबंधी जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान सुकुमार किस्कु, पिता लखु, निवासी सीबीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।

– Advertisement –

Ad image

पुलिस के मुताबिक सुकुमार रोजगार के सिलसिले में कांकेर आया था। वह हाहालद्दी मंदिर के पास संचालित सागर स्टोन माइंस में सर्वेयर के तौर पर काम कर रहा था। माइंस से जुड़े लोगों ने भी शव की पहचान सुकुमार के रूप में की है।

सिर की तलाश में जुटी पुलिस

शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल मृतक का सिर बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के जंगल और झाड़ियों में सर्च कर रही है, ताकि घटना से जुड़े किसी अहम सुराग का पता लगाया जा सके।

मौत की वजह अब भी बनी पहेली

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और घटना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सुकुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव मंदिर के पीछे कैसे पहुंचा।

फिलहाल हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य वजह की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना के बाद हाहालद्दी और आसपास के इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button