#Social
रेलवे स्टेशन में चाकूबाजी करने वाला हिस्ट्रीशीटर शेख हुसैन समेत 3 गिरफ्तार

Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को रेलवे स्टेशन परिसर के पास एक सनसनीखेज वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। स्टेशन परिसर में संचालित पार्किंग का जिम्मा संभालने वाले मैनेजर रवि आहूजा पर चाकू से हमला कर करीब 10 से 15 हजार रुपये की नगदी लूटने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर व निगरानीशुदा गुंडा शेख हुसैन के साथ मनीष गजभिए और पप्पू साहू शामिल हैं। पुलिस ने इन तीनों को फरार होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शेख हुसैन को गोंदवारा इलाके से गिरफ्तार किया, जबकि अन्य दो आरोपी मनीष गजभिए और पप्पू साहू को चुना भट्टी क्षेत्र से दबोचा गया।
3 महीने के लिए था जिलाबदर, फिर भी लौटा और कर दी वारदात
गौर करने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी शेख हुसैन गंज थाना क्षेत्र का निगरानी गुंडा बदमाश है, जिसके खिलाफ गंभीर अपराधों की लंबी फेहरिस्त है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शेख हुसैन के खिलाफ हत्या के प्रयास, गंभीर मारपीट, जानलेवा हमला, अवैध गतिविधियों और शांति भंग जैसे मामलों में 12 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसे तीन महीने के लिए जिलाबदर (बाउंड ओवर) किया था, लेकिन शेख हुसैन ने प्रशासन के आदेश की अवहेलना करते हुए फिर से शहर में प्रवेश कर यह वारदात को अंजाम दे डाला।
वारदात की पूरी कहानी
शनिवार की शाम को रेलवे स्टेशन की पार्किंग में उस वक्त हड़कंप मच गया जब तीन बदमाशों ने मिलकर पार्किंग मैनेजर रवि आहूजा पर हमला कर दिया। चाकू से गंभीर रूप से घायल करने के बाद तीनों बदमाश उससे 10 से 15 हजार रुपये की नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही GRP थाना और क्राइम ब्रांच की टीम हरकत में आई और आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू किया।
अन्य दो आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अन्य दो आरोपी मनीष गजभिए और पप्पू साहू भी अपराध की दुनिया में कोई नए नाम नहीं हैं। दोनों के खिलाफ गंज थाना, आजाद चौक थाना और GRP थाना में मारपीट, अवैध वसूली, आर्म्स एक्ट तथा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस इनकी आपराधिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए पूछताछ कर रही है कि कहीं इस हमले के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी।




