#Social
वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 17 बाइक जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

Dhamtari. धमतरी। जिले में लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गाड़ियों की अनुमानित कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई को धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के स्पष्ट दिशा-निर्देशों एवं सतत निगरानी में अंजाम दिया गया। विशेष अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर चोरी के मामलों की गंभीरता से जांच की।
चोरी की शिकायत के बाद खुली गुत्थी
मामला तब सामने आया जब 4 जुलाई 2025 को धमतरी निवासी उत्तम तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने एयू बैंक, टिकरापारा के पास अपनी हीरो फैशन प्रो (CG-05-X-8420) मोटरसाइकिल खड़ी की थी, जो कुछ समय बाद वहां से गायब हो गई। शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए एक युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी करना कबूल किया। आरोपी की पहचान कश्यप पटेल, निवासी अड़ेगा, थाना केशकाल, जिला कोंडागांव के रूप में हुई।
एक नहीं, कई जिलों से की थी चोरी
कश्यप पटेल ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने धमतरी समेत कई जिलों से मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेण्डम पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें शामिल हैं:
▪️ 13 मोटरसाइकिल – एचएफ डिलक्स
▪️ 02 – स्प्लेंडर
▪️ 01 – टीकेएस स्पोर्ट्स
▪️ 01 – पैशन प्रो
दो अन्य आरोपी भी चढ़े हत्थे
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी कश्यप चोरी की गाड़ियों को विल्लू कोर्राम और गणेश भारद्वाज नामक व्यक्तियों को बेच देता था। पुलिस ने इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
चोरी की गई गाड़ियों के स्थान
चोरी की गई मोटरसाइकिलें धमतरी जिले सहित अन्य जिलों से चोरी की गई थीं। इनमें से कुछ प्रमुख स्थान इस प्रकार हैं:
धमतरी जिले से – एयू बैंक के पास टिकरापारा, श्रीराम अस्पताल, चटर्जी अस्पताल, अंगारमोती परिसर गंगरेल
कांकेर जिले से – चारामा बाजार से 07 मोटरसाइकिल
लखनपुरी से – 01 मोटरसाइकिल
कोरर से – 02 मोटरसाइकिल
अपराध दर्ज कर आरोपी जेल भेजे गए
गिरफ्तार तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की संपत्ति बरामद होने एवं आरोप सिद्ध होने पर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 174/2025, धारा 303(2), 317(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक का कुशल नेतृत्व
इस पूरी कार्रवाई में एसपी सूरज सिंह परिहार की त्वरित योजना, सख्त निर्देश और निगरानी की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्यवाही से जहां वाहन चोरी के मामलों में कमी आने की उम्मीद है, वहीं आमजन में विश्वास भी मजबूत हुआ है। धमतरी पुलिस की इस महत्वपूर्ण सफलता को लेकर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी सराहना की है। साथ ही पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



