#Social
सडक़ हादसे में युवक की मौत

Paonta Sahib. पांवटा साहिब। पांवटा साहिब के माजरा क्षेत्र में बुधवार देर रात और गुरुवार सुबह हुए अलग-अलग तीन सडक़ हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम को नाहन से आ रही पंजाब रोडवेज की बस नंबर (पीबी 13बीपी-1032) ने माजरा बाजार की ओर मुड़ रही मोटरसाइकिल (एचपी 17ए-9624) को टक्कर मार दी। इस दौरान मोटरसाइकिल चालक राममूर्ति ब्यास गांव के निवासी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पांवटा साहिब अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरा हादसा रात में जगतपुर के पास हुआ। बिना नंबर प्लेट और बिना लाइट की मोटरसाइकिल चलाने वाले ललित कुमार (28) ने तेज गति से पांवटा साहिब की ओर आ रही कार (एचपी 17ई-3888) से टक्कर
मार दी।
जिसमें मोटरसाइकिल सवार ललित को चोटें आई, जिसका उपचार पांवटा अस्पताल में चल रहा है, जिसे चिकित्सकों ने नाहन मेडिकल कालेज रैफर कर दिया था जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं तीसरे मामले में नेशनल हाई-वे-07 चंडीगढ़-देहरादून रोड पर पुरुवाला यूको बैंक के पास एक ट्रैक्टर और कार में टक्कर होने से कार सवार को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार कार नाहन की तरफ से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई, जिसमें कार सवार को चोट आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार तीनों हादसों में तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी मुख्य कारण रहे। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने सडक़ सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस द्वारा तीनों मामलों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




