#Social

समत्तर को हाईस्कूल की सौगात


Chuwadi. चुवाड़ी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने गुरुवार को ग्राम पंचायत तारागढ़ में नव स्तरोन्नत राजकीय उच्च विद्यालय समत्तर का विधिवत लोकार्पण किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस वर्तमान समय में राज्य सरकार द्वारा गुणवत्तायुक्त शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जा रही है। स्कूलों में रिक्त अध्यापकों के पदों को प्राथमिकता के साथ नियुक्तियां की जा रही हैं। सीमावर्ती इलाकों में सडक़ों को नेटवर्क मजबूत किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने यह भी कहा कि दुर्गम शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए अस्थायी रूप से स्थानीय पात्र युवाओं को गेस्ट टीचर के रूप में रखने के लिए भी विचार किया जा रहा है । कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकासात्मक गतिविधियों को और अधिक बढ़ाने का स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि चूंकि ग्राम पंचायतें विकास के लिहाज से प्रमुख केंद्र बिंदु की भूमिका अदा करती हैं। ऐसे में इस क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का पुनर्गठन कर सभी सीमावर्ती गांवों को जोडक़र एक अलग ग्राम पंचायत का गठन किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने स्कूल प्रबंधन कमेटी की मांग पर राजकीय उच्च विद्यालय समत्तर में अतिरिक्त स्कूल भवन निर्माण तथा सभी आवश्यक संसाधनों की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित बनाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने जारी विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस सीमावर्ती क्षेत्र में सडक़ नेटवर्क के विस्तार को लेकर आवश्यक कदम

उठाए जा रहे हैं।

छंबर- नागर- भोटण तथा ककीरा -कटलू- बडणाल और कटोरी बंगला -सांझी नाला वाया डांगारी संपर्क मार्गों के माध्यम से क्षेत्र को जोडक़र सडक़ रूपी भाग्य रेखाओं को विस्तार दिया जाएगा। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि ककीरा-कटलू संपर्क मार्ग के उन्नयन कार्यों पर लगभग छह करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। ककीरा -कटलू संपर्क मार्ग को गदियाड़ा-समत्तर-विहड़ी होते हुए कटोरी बंगला तक विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास ही उनकी प्राथमिकता है। हरेक पंचायत तक विकास पहुंच रहा है। कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककीरा, नव स्तरोन्नत राजकीय उच्च विद्यालय समत्तर के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। विधानसभा अध्यक्ष ने स्कूल की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 21- 21 हजार की धनराशि देने की भी घोषणा की । उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याओं को भी सुना तथा अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया । इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष का विद्यालय परिसर में पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार तथा स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। नव स्तरोन्नत राजकीय उच्च विद्यालय समत्तर के लोकार्पण पर आयोजित समारोह में स्वामी हरिगिरि चेरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य तरुण मल्होत्रा, एसडीएम पारस अग्रवाल, अधीक्षक अभियंता लोक निर्माण दिवाकर पठानिया, डीएसपी योगेश्वर कुमार, उपनिदेशक उच्च शिक्षा भाग सिंह, प्रारंभिक शिक्षा बलवीर सिंह, गुणवत्ता नियंत्रण कमलेश कुमारी, वनमंडलाधिकारी रजनीश महाजन, वनमंडलाधिकारी प्रोजेक्ट रामपाल, एक्सईएन विद्युत पंकज राठौर और लोक निर्माण नरेंद्र चौधरी सहित क्षेत्र कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button