सिख संगठन की लेडीज विंग द्वारा कैंसर जागरूकता

रायपुर। RAIPUR NEWS: खालसा स्कूल परिसर में सिख संगठन की लेडीज विंग द्वारा कैंसर जागरूकता अभियान के तहत विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिख समाज के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना और बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान के बारे में जानकारी देना रहा।
सेमिनार में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को आमंत्रित किया गया था। डॉक्टरों ने बारी-बारी से मंच से कैंसर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, शुरुआती लक्षणों, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि आधुनिक चिकित्सा के दौर में कैंसर का उपचार संभव है। यदि बीमारी का शुरुआती चरण में पता चल जाए तो समय पर उपचार शुरू कर बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक लोगों ने पंजीयन कराया, वहीं लोगों के लिए निशुल्क रक्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। आयोजन में लोगों ने कैंसर से जुड़े सवाल पूछे और विशेषज्ञों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
आयोजक सुरेंद्र सिंह छाबड़ा ने बताया कि संगठन स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ जरूरतमंद और गरीब वर्ग के लोगों को उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीज जिन्हें ऑपरेशन या अन्य महंगे इलाज की जरूरत है, उनकी मदद के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप तैयार किया जाएगा। इसमें जरूरतमंद मरीज की बीमारी और उपचार से जुड़ी पूरी जानकारी साझा की जाएगी। इसके बाद संगठन के लेटरपैड के माध्यम से ग्रुप के सदस्यों से सहयोग लेकर मरीज के इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि समाज की ओर से समय-समय पर स्वास्थ्य से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए लेडिज विंग की पूरी टीम को धन्यवाद दिया और कहा कि इस तरह के अभियान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सिख संगठन की लेडीज विंग में सिमरन कौर नयैर, तरनजीत कौर सलूजा, ज्योति सलूजा, तरन अरोरा, सिमी चावला, स्वीटी सलूजा, हरलीन सलूजा, रानी बग्गा, अमरजीत कौर , रतनजीत कौर, ममता टुटेजा, रूमी सलूजा, रसमीत कौर, चरणजीत कौर छाबड़ा मौजूद रहे।

Source link





