#Social
सुंदरनगर में भव्य शोभायात्रा के साथ नलवाड़ मेले का आगाज

Sundernagar. सुंदरनगर। सात दिवसीय ऐतिहासिक व परंपरागत राज्य स्तरीय नलवाड़ किसान मेला सुंदरनगर का परंपरागत शोभा यात्रा के साथ धूमधाम से आगाज हुआ। 22 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित होने वाले मेले का शुभारंभ पूर्व संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष संजीव गुलेरिया की उपस्थिति में नागौण खड्ड में बैल पूजन कर किया। मेले के शुभारंभ अवसर पर लोक निर्माण विश्राम गृह से नागौण खड्ड तक शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में पारंपरिक पगडिय़ों पहन कर पार्षद, बीडीसी सदस्य, कांग्रेस पार्टी के निवर्तमान पदाधिकारी और महिला मंडलों की सदस्य शामिल हुए। इसके बाद मुख्यातिथि ने नगौण खड्ड में विधिवत खूंटी गाडक़र और बैलों की विधिवत पूजा अर्चना करते हुए शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव में जवाहर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि सात दिवसीय यह नलवाड़ मेला सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न अंग रहा है। जिसमें हमारी प्राचीन समृद्ध संस्कृति देखने को
मिलती है।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान बड़े स्तर पर किसान गोष्ठी करवाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार उपमंडल प्रशासन द्वारा मेले का आयोजन नशामुक्त सुंदरनगर थीम को लेकर आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए उपमंडल के अधिकारियों की पूरी टीम बधाई की पात्र है। इस अवसर पर कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ब्रहम दास चौहान, नगर परिषद सुंदरनगर के पार्षद, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडलों की सदस्य कांग्रेस पार्टी के निवर्तमान पदाधिकारी, एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी भारत भूषण, बीडीओ विवेक चौहान, ईओ नगर परिषद हितेश शर्मा, तहसीलदार अंकित शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।




