#Social
हीट वेव से निपटने को लेकर नालागढ़ प्रशासन सतर्क

BBN. बीबीएन। नालागढ़ में बढ़ती गर्मी और हीट वेव की संभावनाओं को देखते हुए उपमंडल प्रशासन हरकत में आ गया है। जनजीवन को लू के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के लिए शुक्रवार को एसडीएम राजकुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में एसडीएम राजकुमार ने कहा कि हीट वेव से बचाव केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामूहिक प्रयास का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को लू से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एसडीएम ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में लू से बचाव को लेकर चित्रकला और नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की
जाएं।
उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं से न केवल बच्चों में जागरूकता बढ़ेगी बल्कि विजेता छात्रों के बनाए चित्र और नारे सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित भी किए जाएंगे, जिससे जनसामान्य तक संदेश पहुंचेगा। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उद्योगों में साफ पानी, शेड और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। गर्मी के मौसम में पानी की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाने के लिए पेयजल विभाग को जलापूर्ति की नियमित निगरानी और टैंकों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम राजकुमार ने आश्वस्त किया कि प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आम लोगों से स्वास्थ्य विभाग की सलाहों का पालन करने और खुद को सुरक्षित रखने की अपील की। बैठक में तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद, चिकित्सा अधिकारी डा. गौरव, आयुष विभाग से डा. संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




