#Social
होटल में काम करने आई युवती को दिया झांसा, UP में बेचा

Jashpur. जशपुर। जशपुर से सरगुजा में आई युवती को युवक ने काम दिलाने का झांसा दिया और उत्तरप्रदेश में ले जाकर एक लाख रुपए में बेच दिया। युवती काम की तलाश में सरगुजा आई थी। युवती की चचेरी बहन की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, जशपुर जिले की 20 वर्षीय युवती छह महीने पहले नौकरी की तलाश में अंबिकापुर आई थी। इस दौरान वह अपनी जशपुर निवासी चचेरी बहन के किराए के रूम में रुकी थी और बहन के साथ ही एक होटल में काम कर रही थी। इसके बाद युवती बंडाबहरा में मौजूद एक होटल में वेट्रेस का काम करते हुए किराए के रूम में अकेले रहने लगी। 6 जून को युवती की बहन अपने दोस्त के साथ उससे मिलने भी गई थी।
19 जून को युवती की बहन के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर जानकारी दी कि उसकी बहन यूपी में है और एक लाख रुपए देकर अपनी बहन को वापस ले जाओ। इस दौरान फोन करने वाले व्यक्ति ने युवती की उसकी बहन से बात कराई। युवती ने बताया कि चठिरमा में रहने वाला काबिल नामक युवक उसे काम दिलाने के नाम पर यूपी के झांसी लेकर आया और यहां शादी करने के लिए एक लाख रुपए में अनजान व्यक्ति को बेच दिया है। जब युवती के दोस्त ने फिर से अज्ञात युवक को फोन लगाकर पूछताछ की तो उसने अपने भाई सुरेन्द्र का नाम लिया। वहीं सुरेन्द्र से बात करने पर उसने काबिल नामक युवक द्वारा शादी के लिए युवती को एक लाख रुपए में बेचने की जानकारी दी। मामले की शिकायत पर मणिपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 143(2), 3(5), 87 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।




