#Social
11 बीडीसी सदस्यों ने सौंपा अविश्वास प्रस्ताव

Haroli. हरोली। विकास खंड हरोली में विकास न होने से आक्रोशित बीडीसी सदस्यों ने चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। हरोली खंड में कुल 24 सदस्य हैं । जिनमें से 11 ने बुधवार को बीडीओ हरोली को अविश्वास प्रस्ताव सौंप कर बहुमत सिद्ध करने की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है। त्रैमासिक बैठक में अधिकतर सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया। दोपहर तक धरने पर बैठे रहे और कुछ अन्य सदस्यों ने भी बैठक से किनारा कर लिया। अध्यक्ष -उपाध्यक्ष द्वारा कोरम पूरा न किया जा सका। कोरम पूरा न होने के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा। समिति सदस्यों ने आरोप लगाए कि चेयरमैन व वाइस चेयरमैन हरोली में विकास करवाने में असफल रहे हैं और आज तक लाखों रुपए की विकासात्मक कार्यों की राशि खर्च नहीं हो पा रही है। समिति सदस्यों ने यह भी आरोप लगाए कि पिछले चार साल में पंचायत समिति अध्यक्ष ब उपाध्यक्ष उनके विकासात्मक कार्यों को करवाने में व उनका पक्ष रखने में
नाकाम रहे हैं।
सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार करने के बाद बीडीसी हरोली के 11 ब्लॉक समिति सदस्यों ने चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के विरुद्ध हस्ताक्षर करके अविश्वास प्रस्ताव बीडीओ हरोली को सौंपा। जिसमें उन्होंने लिखा है कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पर उन्हें विश्वास नहीं रहा है अत: शीघ्र पंचायत समिति की बैठक बुलाकर उन्हें विश्वास मत प्राप्त करने की प्रक्रिया अपनाई जाए। समिति सदस्यों ने कहा कि अध्यक्ष- उपाध्यक्ष ने आज तक समिति सदस्यों का कोई भी मुद्दा हल नहीं करवा पाए। कई समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। समिति सदस्य प्रेम सिंह औजला ने कहा कि अध्यक्ष -उपाध्यक्ष अपना समिति का कमरा तक नहीं बचा पाए। समिति सदस्यों ने कहा कि अगर बैठक का बहिष्कार करने के बाद भी समिति सदस्यों के कार्य समय पर शुरू नहीं किए तो बह लोग जनहित में भूख हड़ताल पर बैठने के लिए तैयार रहेंगे। सदस्यों ने कहा कि उन्हें जनता ने कार्य करवाने के लिए जीतकर भेजा है। आराम परस्ती करने के लिए जनता ने चुनकर नहीं भेजा।



