कोरोना वॉरियर्स को 50 लाख रुपए तक का बीमा और पदोन्नति मिले : नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक
रायपुर। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रदेश में कोरोना वॉरियर्स की सेहत, सुरक्षा और सुविधा की चिंता करने की सलाह सरकार को दी है। कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना वॉरियर्स को हतोत्साहित करने से बाज आए और उनका पूरा सम्मान करते हुए उनकी सेहत, सुरक्षा व सुविधाओं की चिंता करे। सरकार की बेरुखी के कारण प्रदेश में कार्यरत कोरोना वॉरियर्स बेहद उपेक्षित और सशंकित हैं। प्रदेश सरकार इन कोरोना वॉरियर्स को केंद्र सरकार की तरह आर्थिक और दीगर तमाम सुरक्षा की गारंटी दे। केंद्र सरकार की तरह प्रदेश सरकार भी सबसे पहले सभी कोरोना वॉरियर्स का 50 लाख रुपए तक का बीमा कराए और साथ ही उनको दो वेतनवृद्धि व एक पदोन्नति का लाभ दे। कौशिक ने कहा कि भाजपा इन कोरोना वॉरियर्स के प्रति अपना पूर्ण सम्मान व्यक्त कर रही है लेकिन प्रदेश सरकार के उदासीन व उपेक्षापूर्ण रवैए के कारण वे हतोत्साहित हो रहे हैं।
हाल ही जूनियर डॉक्टर्स ने बड़ी संख्या में एक साथ त्यागपत्र देकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा किया है। जो लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पूरे जज्बे के साथ प्रदेश में कोरोना के खिलाफ जारी जंग में दिन-रात जुटे हुए हैं, प्रदेश सरकार उन्हें समय पर वेतन तक नहीं दे रही है, उनकी वेतनवृद्धि रोक रही है, उनके वेतन में कटौती करने का इरादा रख रही है, उन्हें पीपीए किट और दीगर जरूरी उपकरण तक मुहैया नहीं करा रही है, यह स्थिति बेहद शर्मनाक है। कौशिक ने कहा कि इन कोरोना वॉरियर्स को जरूरी उपकरण पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराते हुए उनकी इम्युनिटी, उनके आने-जाने, खाने-पीने, रहने आदि की चिंता भी प्रदेश सरकार पूरी ईमानदारी से करे। कौशिक ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों की वेतन वृद्धि रोककर और वेतन कटौती के प्रस्ताव की चर्चा के बीच मुख्यमंत्री सहायता कोष में पुन: सहयोग राशि देने की अपील पर सवाल उठाया।



