दंतेवाड़ा उपचुनाव: कांग्रेस से श्रीमती कर्मा तो भाजपा से श्रीमती मंडावी होंगी प्रत्याशी
रायपुर। दंतेवाड़ा उपचुनाव को लेकर भाजपा कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों का चयन कर लिया है अब इनकी औपचारिक घोषणा होना बाकी है। एक तरफ जहां कांग्रेस ने झीरम घाटी में शहीद हुए स्वर्गीय महेंद्र कर्मा की पत्नी देवती कर्मा को प्रत्याशी बनाया है तो दूसरी तरफ भाजपा से नक्सली हमले में शहीद हुए भीमा मंडावी की पत्नी का प्रत्याशी बनाया जाना लगभग तय है।
दंतेवाड़ा उपचुनाव में देवती कर्मा कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी होगी । AICC ने आज देवती कर्मा के नाम पर मुहर लगा दी है। देवती कर्मा झीरम घाटी हमले में मारे गये महेंद्र कर्मा की पत्नी है। 2018 के विधानसभा चुनाव में वो भीमा मंडावी से हार गयी थी, लेकिन 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की थी। पिछले विधानसभा चुनाव में छविंद्र कर्मा ने कांग्रेस पार्टी में बागी बनने का ऐलान कर पार्टी को बड़ा नुकसान पहुंचाया था, लेकिन इस बार छविंद्र को मना लिया गया है। आपको बता दें कि उपचुनाव के ऐलान के पहले ही देवती कर्मा को पार्टी की तरफ से आश्वस्त किया गया था कि पार्टी उन्हें ही टिकट देगी। इस बार बेटे छविंद्र कर्मा ने घोषित तौर पर बयान दे दिया है कि वे अपनी माता के समर्थन में है।
वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने 2018 में नक्सली हमले में मारे गए भीमा मंडावी की पत्नी को दंतेवाड़ा से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। एक-दो दिन में इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। श्रीमती मंडावी के नाम पर भाजपा के सभी आला नेताओं ने अपनी सहमति भी दे दी है। आज भाजपा चुनाव समिति की बैठक में श्रीमती मंडावी के नाम पर पार्टी ने मुहर लगा दी।



