Political crisis deepens in Himachal Pradesh, Sukhu government likely to fall
हिमाचल प्रदेश में बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल नहीं कर पाई। बीजेपी के हर्ष महाजन ने जीत हासिल कर कांग्रेस के अरमानों पर पानी फेर दिया। राज्यसभा चुनाव में हार के बाद अब कांग्रेस की सरकार भी खतरे में आ गई है। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 6 और 3 निर्दलीय विधायकों ने बीजेपी के हक में क्रॉस वोटिंग की। सूत्रों की मानें तो ये 9 विधायक कांग्रेस की सुक्खू सरकार के लिए आगे भी मुश्किल खड़ी कर सकती है। हिमाचल में इस समय बजट सत्र चल रहा है। विधानसभा में आज बजट पारित किया जाना है। बजट पारित करते समय विपक्ष सदन में डिविजन मांग सकता है। ऐसे में मतदान होता है तो उसमें भी सरकार के पक्ष में वोट नहीं पड़े तो मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वित्त विधेयक के गिर जाने पर सरकार संकट में पड़ सकती है। हालांकि, ऐसी संभावना से मुख्यमंत्री ने इंकार किया है।
नाराज विधायकों को मनाने शिमला पहुंचे हुड्डा और डीके शिवकुमार
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बीच उभरे राजनीतिक संकट को लेकर कांग्रेस ने कांग्रेस नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और डीके शिवकुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किए है। दोनों नेता बुधवार शाम शिमला पहुंच गए हैं। यहां वह नाराज विधायकों से बातचीत करेंगे। इस बीच इस्तीफा स्वीकार नहीं होने पर कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है… मैं दबाव नहीं लेता बल्कि मैं दबाव देता हूं।
बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर विक्रमादित्य सिंह का जवाब
कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर कहा कि अभी तक ऐसा कुछ नहीं है। मैं हमेशा जो भी कहता हूं वह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कहता हूं। ऐसा कुछ नहीं है, यह सब अफवाह है। मैं सच बोलता हूं और बिना राजनीतिक मिलावट के कहता हूं। जो भी हमें कहना होगा हम साफ तरह से कहेंगे।
प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर बोला हमला
प्रियका गांधी ने भी हिमाचल में सियासी संग्राम पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। बीजेपी धनबल का प्रयोग कर रही है। बीजेपी का रवैया अनैतिक और अंसवैधानिक है।