#Social
Turkpatti क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री चरम पर, पुलिस संरक्षण के आरोप से उठे सवाल

Rajapakad/कुशीनगर: तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कस्बों और बाजारों में अवैध शराब की खुलेआम बिक्री ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तुर्कपट्टी बाजार के साथ-साथ गुरवलिया, राजापाकड़, उजारनाथ और मधुरिया समेत कई अन्य प्रमुख स्थानों पर होटल, चाय और चखना की दुकान शराब बिक्री के अवैध अड्डों में तब्दील हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, इन दुकानों पर देशी-विदेशी शराब से लेकर बीयर तक हर ब्रांड की बोतलें उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि ग्राहक को शराब की दुकान तक जाने की जरूरत नहीं पड़ती होटल या चखना दुकानों पर निर्धारित कीमत से 10 से 20 रुपये अतिरिक्त देकर वह आसानी से शराब प्राप्त कर सकता है।
दुकानों के आगे व पिछले हिस्से में शराब की खाली बोतलों, बीयर कैन और पैकिंग सामग्रियों के ढेर इस बात का प्रमाण हैं कि यहां बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार हो रहा है। दिन ढलते ही इन दुकानों के आगे भीड़ जुटने लगती है जिससे स्थानीय लोगों खासकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि क्षेत्रीय पुलिस भी इस अवैध गतिविधि से अनभिज्ञ नहीं है। सूत्रों की मानें तो कई होटल और दुकानदार स्थानीय हल्का दरोगा और सिपाहियों को प्रतिमाह एक निश्चित राशि जो करीब एक हजार से पंद्रह सौ रुपये प्रति दुकान बताई जा रही है जिसे नियमित रूप से देते हैं। बदले में इन्हें पुलिस से संरक्षण प्राप्त होता है और इन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में युवा वर्ग बड़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहा है। अभिभावक चिंता में हैं और उन्होंने कई बार पुलिस व प्रशासन से शिकायत भी की है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।




