#Social
सेब सीजन में ट्रक ऑपरेटर्ज का विशेष रोड टैक्स माफ

Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में हर साल की तरह इस साल भी सरकार ने सेब सीजन के दौरान सेब व आलू की ढुलाई करने के लिए देश के अन्य राज्यों से आने वाले ट्रकों को विशेष रोड टैक्स में छूट दी है। यह छूट पहली अगस्त से 31 अक्तूबर तक मिलेगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इसकी पुष्टि की है। परिवहन निदेशक डीसी नेगी की ओर से यह प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था। इसमें कहा गया था कि सेब व आलू का सीजन शुरू हो चुका है।
राज्य सरकार हर साल यह छूट देती है। प्रदेश में सेब व आलू की ढुलाई के लिए ट्रकों की कमी न हो, किसान व बागबानों को बेहतर परिवहन सुविधा मिले, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है। प्रदेश में सेब का सीजन शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा सेब तुड़ान 15 अगस्त से 15 सितंबर के बीच होता है। अभी शिमला में लो बैल्ट का सेब मार्केट में उतरा है, जिसकी कई वैरायटी मार्केट में आनी हैं। इसके बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे किन्नौर का सेब भी आएगा।




