#Social

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो युवक 21 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार


Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस को ऑपरेशन ‘विश्वास’ के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से आकर जिले में गांजा बेचने की फिराक में थे। आरोपियों के कब्जे से 21.260 किलोग्राम अवैध गांजा, एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब ₹2.10 लाख आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई दिनांक 05 अगस्त 2025 को की गई। आरोपी दुर्ग जिला अस्पताल के पास बंद नल घर क्षेत्र में गांजा की खेप के साथ मौजूद थे और ग्राहक की तलाश कर रहे थे। गुप्त सूचना मिलते ही थाना कोतवाली की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें धरदबोचा।
ऐसे अंजाम दी गई कार्रवाई
दुर्ग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली प्रभारी को सूचना मिली कि दो युवक जिला अस्पताल के आगे स्थित बंद नल घर के पास भारी मात्रा में गांजा लेकर बैठे हैं। मुखबिर की पुष्टि के बाद एक टीम का गठन कर घेराबंदी की गई और दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया।
पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम 1. मोहित जायसवाल पिता भोला जायसवाल उम्र 20 वर्ष तथा 2. डब्ल्यू बंसकार पिता उमेश बंसकार उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम चाका मुंडीचर, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे गांजा को उड़ीसा से खरीदकर बस के जरिये दुर्ग लाए थे। यहां से ट्रेन पकड़कर प्रयागराज वापस जाने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गांजा, मोबाइल जब्त – NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

दोनो आरोपियों के कब्जे से 21.260 किलोग्राम गांजा और एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 20(बी)(सी) के तहत थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 374/2025 दर्ज कर लिया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस मामले में एंड टू एंड सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पूछताछ और जांच को आगे बढ़ा रही है। आरोपी कहां से गांजा लेकर आए थे, किन-किन लोगों से संपर्क में थे, किसे डिलीवरी देनी थी—इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। संभावना है कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
दुर्ग पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन विश्वास के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए आगे भी इसी तरह की सघन कार्यवाहियां जारी रहेंगी। जिले में किसी भी प्रकार का मादक पदार्थों का अवैध व्यापार नहीं पनपने दिया जाएगा।
कार्रवाई में इनका रहा योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक तापेश्वर सिंह नेताम, सउनि रामकृष्ण तिवारी, आरक्षक सुरेश जायसवाल, केशव कुमार और हेमशंकर साहू की प्रमुख भूमिका रही, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर त्वरित निर्णय लेकर आरोपियों को धरदबोचा।
आरोपी एवं जप्ती विवरण:
क्र. आरोपी का नाम जप्त मादक पदार्थ अन्य जप्त सामग्री
01 मोहित जायसवाल पिता भोला जायसवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम चाका मुंडीचर, प्रयागराज (उ.प्र.) 21.260 किलोग्राम गांजा विवो कंपनी का मोबाइल
02 डब्ल्यू बंसकार पिता उमेश बंसकार, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम चाका मुंडीचर, प्रयागराज (उ.प्र.) 21.260 किलोग्राम गांजा (संयुक्त रूप से) कोई अन्य सामग्री नहीं
दुर्ग पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि अवैध मादक पदार्थों के सौदागरों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत लगातार की जा रही छापेमारी से तस्करों में खलबली मच गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button