#Social
Haryana: भाई को बचाने दौड़े कांस्टेबल को फिसलने से चली गोली

Haryana हरियाणा: सीने में दर्द होने पर अपने भाई को बचाने दौड़े एक कांस्टेबल का अचानक पैर फिसल गया। फिसलने से कांस्टेबल जमीन पर गिर गया और गोली चल गई जो उसके सिर के आर-पार हो गई। इस घटना में न केवल कांस्टेबल की मौत हुई बल्कि जिस भाई को बचाने दौड़ा था उसकी भी सीने में दर्द के कारण मौत हो गई। सूचना मिलने पर बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक कांस्टेबल नूंह में एक जज का गनमैन था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव लंगड़ा निवासी शक्ति सिंह (30) हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल था और फिलहाल नूंह में तैनात एक जज के गनमैन के तौर पर ड्यूटी पर था। ड्यूटी के बाद वह अपने घर पर था। उसके पिता, भाई व अन्य सदस्य खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। चाचा खेत में पानी देने गए थे। पिता ने शक्ति सिंह को चाचा को बुलाने के लिए भेजा था ताकि वह घर आकर खाना खाए। जब शक्ति पिस्तौल साफ करते हुए जाने लगा तो उसने देखा कि उसका चचेरा भाई नवीन अचानक सीने में दर्द के कारण गिर पड़ा। इस पर शक्ति व परिवार के अन्य सदस्य नवीन की ओर दौड़े। इस दौरान शक्ति का पैर फिसल गया और उसके हाथ में लगी पिस्तौल चल गई, जिससे गोली उसके सिर के आर-पार हो गई।
परिवार का ध्यान नवीन पर था और शक्ति के पिता नवीन को कार में अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक उसका भाई शक्ति को कंधे पर लादकर कार की तरफ दौड़ा, जिसके मुँह, नाक और सिर से खून बह रहा था। दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई। बिलासपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर शवों को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। घटना की हर पहलू से जाँच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे गाँव में मातम का माहौल है।




