Tamil Nadu Govt Formation: तमिलनाडु में TVK की जीत के बाद विजय ने राज्यपाल से की मुलाकात, पेश किया सरकार बनाने का दावा

Tamil Nadu Govt Formation: तमिलनाडु की राजनीति में दशकों से चले आ रहे द्रविड़ पार्टियों के वर्चस्व को चुनौती देते हुए अभिनेता से नेता बने विजय ने इतिहास रच दिया. उनकी पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कज़गम’ (TVK) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है. विजय ने चेन्नई के लोक भवन में राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात की और राज्य में अगली सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया.
विजय ने खुद दो निर्वाचन क्षेत्रों-तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर- से जीत दर्ज की है, जिससे यह साबित हो गया है कि उनकी लोकप्रियता केवल सिनेमा के पर्दे तक सीमित नहीं है. यह भी पढ़े: Tamil Nadu Election Results 2026: थलपति विजय की TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी; DMK और AIADMK पिछड़ीं, देखें विजेताओं की सूची
राज्यपाल ने दी आधिकारिक पुष्टि
राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने मीडिया को पुष्टि की कि उन्हें TVK की ओर से सरकार बनाने के दावे का औपचारिक पत्र प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा, “मुझे टीवीके से पत्र मिला है और वे शाम को मुझसे मिले. उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके पास बहुमत है और उन्हें सरकार गठन के लिए बुलाया जाना चाहिए. राज्य में अब एक नई सरकार आएगी.”
कांग्रेस का समर्थन और गठबंधन की गणित
तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थगई और प्रदेश प्रभारी गिरीश चोडनकर ने चेन्नई में टीवीके मुख्यालय जाकर विजय से मुलाकात की और अपना समर्थन पत्र सौंपा. कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यह पार्टी आलाकमान का निर्णय है.
-
TVK की सीटें: 108
-
कांग्रेस की सीटें: 5
-
कुल योग: 113 (बहुमत के लिए 118 सीटें आवश्यक)
-
अन्य संभावित सहयोगी: TVK ने बहुमत के आंकड़े को पार करने के लिए AIADMK और अन्य छोटे दलों से भी संपर्क साधा है. AIADMK के पास 47 सीटें हैं, जिससे गठबंधन को मजबूत बहुमत मिल सकता है.
द्रविड़ राजनीति के एक युग का अंत?
इस चुनाव परिणाम ने तीन दशकों से चले आ रहे DMK और AIADMK के ‘द्वैध शासन’ (Duopoly) को हिलाकर रख दिया है. TVK के शानदार प्रदर्शन ने DMK (59 सीटें) और AIADMK (47 सीटें) दोनों को पीछे छोड़ दिया है. DMK नेता सरवनन अन्नादुराई ने कांग्रेस के इस कदम की आलोचना करते हुए इसे “विश्वासघात” और “अदूरदर्शी” बताया है.
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, विजय 7 मई को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. हालांकि शपथ ग्रहण को लेकर अधिकारिक पुष्टि नहीं हुआ है. लेकिन संभवतः अकेले ही शपथ लेंगे, जबकि कैबिनेट का विस्तार बाद में किया जाएगा. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह जनादेश तमिलनाडु के युवाओं की आवाज है, जो बदलाव की तलाश में थे.


