ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध शराब पर दबिश, महिला समेत दो गिरफ्तार
पहली कार्रवाई राजीव नगर फुटहामुड़ा, माकरदोना में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक महिला अवैध रूप से शराब बेच रही है। सूचना की तस्दीक के बाद केरेगांव पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। पुलिस के मुताबिक मौके पर रमुला बाई कमार पति स्वर्गीय रंजीत कमार, उम्र 32 वर्ष, निवासी राजीव नगर फुटहामुड़ा माकरदोना को कथित रूप से अवैध शराब बेचते पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.5 लीटर शराब बरामद करने का दावा किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 350 रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपए नकद भी जब्त किए गए। इस तरह पहले प्रकरण में शराब और बिक्री की रकम मिलाकर कुल 550 रुपए की जब्ती की गई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 22/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत कार्रवाई की है।
दूसरी कार्रवाई ग्राम बांसपारा कुकरेल में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक व्यक्ति अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार बांसपारा कुकरेल निवासी 26 वर्षीय चंदर कमार पिता कृपाराम कमार को मौके पर अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री करते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 16 लीटर महुआ शराब जब्त करने की जानकारी दी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,600 रुपए बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से शराब बिक्री के 350 रुपए नकद भी जब्त किए गए। दूसरे प्रकरण में पुलिस ने कुल 1,950 रुपए की शराब और नकदी जब्त की है। मामले में अपराध क्रमांक 23/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
Source link




