एंबुलेंस चालक ने किया कोरोना पॉजिटिव महिला से दुष्कर्म …हॉस्पिटल रेफर के दौरान वारदात को दिया अंजाम

केरल। पथनममिट्टा में एंबुलेंस चालक ने 19 साल की एक कोविड-19 मरीज का कथित रूप से उस समय यौन उत्पीड़न किया जब युवती को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। लड़की की मां ने अस्पताल प्रशासन और पुलिस से शिकायत की जिसके आधार पर एंबुलेंस चालक नौफाल (29) को रविवार को हिरासत में ले लिया गया। कानिवू 108 एंबुलेंस सर्विसेज ने एक विज्ञप्ति में कहा कि आरोपी चालक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार को अरणमुला में हुई।
जांच अधिकारी ने कहा, ‘‘ पीड़िता ने अस्पताल प्रशासन को बताया और फिर अस्पताल प्रशासन ने हमें इसकी सूचना दी। उसके बाद हमने उसे हिरासत में ले लिया। हम लड़की का (बाद में ) बयान लेंगे (क्योंकि वह अभी अपनी आपबीती बताने की स्थिति में नहीं है।)’’ इस लड़की को शनिवार को अडूर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह और उसकी मां कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गयी थीं। लड़की को बाद में जब ‘फर्स्ट लाइन’ उपचार केंद्र स्थानांतरित किया जा रहा था तब एंबुलेंस चालक ने उसका कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया।