छत्तीसगढ़शहर एवं राज्य

भूपेश सरकार नक्सलियों से हत्या करा रही….संबित पात्रा ने छत्तीसगढ़ सरकार पर लगाए गंभीर आरोप तो CM ने किया पलटवार

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप दौर जारी है. अब भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को भूपेश सरकार पर कई आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलियों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करवाई है.

पात्रा के  बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि क्या उनके गृह मंत्री इस बात से सहमत है? क्या संबित पात्रा के बयान से भारत सरकार सहमत है? मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि भाजपा के कार्यकाल में आदिवासियों को नक्सली बताकर एनकाउंटर किए जाते थे. काले कानून अधिनियम के तहत जेल में ठूंस दिया जाता था. फर्जी एनकाउंटर और फर्जी गिरफ्तारियां हमारे कार्यकाल में नहीं हो रही है, इसलिए उन्हें तकलीफ हो रही है.

पार्टी के मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने कहा कि मोदी सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त करने का काम किया. लेकिन नक्सलियों को बढ़ावा और नक्सलियों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या भी छत्तीसगढ़ सरकार ने करवाई है. कांग्रेस सरकार नक्सलियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है.

पात्रा ने कहा कि आने वाले समय में 5 राज्यों में चुनाव है और सोमवार को राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में थे, वहां उन्होंने कई झूठे वादे किए. उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ के पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने घोषणापत्र में 316 वादे किए. जिनको राहुल गांधी और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अब तक पूरा नहीं किया.”

पात्रा ने किसान सम्मान निधि, कथित शराब घोटाला, धर्मांतरण, कथित पीडीएस घोटाला का जिक्र करते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस पर निशाना साधा.

धर्मांतरण को बढ़ावा देने का लगाया आरोप

भाजपा नेता ने कांग्रेस सरकार पर धर्मांतरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण विरोधी विधेयक भाजपा सरकार लेकर आई थी. उसका उद्देश्य हमारे जनजातीय बंधुओं की संस्कृति और विचारों को संजोकर रखना था. लेकिन कांग्रेस सरकार हमेशा इस बिल के विरोध में रही और धर्मांतरण को लगातार बढ़ावा दे रही है. केवल इतना ही नहीं कांग्रेस सरकार तो वहां नक्सलियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है.” उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार प्रदेश में धर्मांतरण को बढ़ावा देकर हमारे जनजातीय समाज के लोगों की संस्कृति को तबाह कर रही है.

किसान सम्मान निधि पर घेरा

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों के लिए ‘किसान सम्मान निधि’ योजना प्रारंभ की. छत्तीसगढ़ के लाखों किसान इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत हुए, लेकिन राज्य सरकार ने उस सूची का सत्यापन नहीं किया. इसलिए छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को सालाना 6 हजार रुपये नहीं मिल पा रहे हैं.

वहीं उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने जंगलों में तेंदूपत्ता तोड़ने वाले श्रमिकों के साथ लगातार अन्याय करने का काम किया है.

शराब घोटाले को लेकर आप पर ली चुटकी…

संबित पात्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शराबबंदी का वादा कर, कांग्रेस सरकार ने घर-घर शराब पहुंचानें का काम किया और इसमें हजारों करोड़ों का घोटाला किया.  छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर दिल्ली के शराब घोटाले वाली कट्टर भ्रष्ट पार्टी भी भूपेश बघेल सरकार पर आरोप लगा रही है.

‘पीडीएस में 600 करोड़ का घोटाला…’

वहीं उन्होंने पीडीएस में घोटाला का आरोप लगाते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ में धान और चावल के वितरण से संबंधित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) योजना का उदाहरण पूरे देश में दिया जाता था. लेकिन आज दुःख के साथ कहना पड़ रहा है कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने इस योजना पर एक धब्बा लगाया है और लगभग 600 करोड़ रुपए का घोटाला पीडीएस योजना में किया गया. कोरोना काल में जो चावल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गरीबों के लिए छत्तीसगढ़ में भेजा गया था, उसमें 5 हजार करोड़ रुपये का घोटाला वहां हुआ है.”

पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने ‘भेंट मुलाकात’ के नाम पर ‘सेट मुलाकात’ कर प्रदेश को ठगने का काम किया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button