#Social

BIG BREAKING: छात्रा की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार


Chhapra. छपरा। बिहार के सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय की पांचवीं कक्षा की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसके बाद हत्या की घटना प्रकाश में आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, भटकेशरी स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय की छात्रा स्कूल में छुट्टी होने के बाद वापस घर लौट रही थी। आरोप है कि स्कूल से कुछ ही दूर आगे बढ़ने के बाद पांच युवक छात्रा को जबरन उठाकर पास की झाड़ी में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपियों ने फरार होने की कोशिश की। बताया गया कि इसी क्रम में कुछ ग्रामीणों ने युवकों को घटनास्थल से भागते देखा। किसी आशंका को लेकर ग्रामीणों ने शोर मचाया और फिर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने झाड़ी में बच्ची का शव देखा। स्कूली छात्रा की पहचान कर घरवालों को सूचना दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सभी पांचों युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घटनास्थल पर पहुंचे सारण के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद मौके पर एफएसएल की टीम ने सैंपल एकत्रित किए हैं।
उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। पीड़िता के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने गांव में सुरक्षा की व्यवस्था करने की भी बात कही। घटना के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक नीलेश कुमार, ग्रामीण एसपी शिखर चौधरी, डीएसपी राजकुमार सहित जलालपुर और बनियापुर थाना की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। मृतक के परिजनों के मुताबिक सभी आरोपी इसी गांव के हैं। परिजनों ने आशंका जताते हुए कहा कि दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद गला दबाकर छात्रा की हत्या कर दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button