जोगी कांग्रेस में बड़ी फूट, वरिष्ठ विधायक धरमजीत सिंह पार्टी से निष्कासित, आरोप- पार्टी विरोध गतिविधियों में लिप्त थे
रायपुर. जनता कांग्रेस जोगी ने आज बड़ी कार्यवाही करते हुए अपने विधायक धर्मजीत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत को लिखित में इसकी सूचना भी दे दी गई है
छत्तीसगढ़ के एकमात्र मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय राजनीतिक दल जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की कोर कमिटी ने आज अत्यंत ही दुःखी मन से एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। अपनी ही पार्टी के विधायक दल के नेता वरिष्ठ विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह पर अनुसूचित जाति, जनजाति, गरीब अति पिछड़ा वर्ग समाज की उपेक्षा सहित स्व. अजीत जोगी के सिद्धांतों के विरुद्ध कार्य करने के कारण पार्टी से निष्कासित करते हुए अंतिम निर्णय पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी पर छोड़ दिया है।
पार्टी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की जनता यह भलीभांति जानती है कि विधायक धर्मजीत सिंह को 2018 के चुनावों में जीत माननीय स्व. अजीत जोगी जी के नाम और काम की बदौलत प्राप्त हुई थी। और उन्होंने माननीय स्व अजीत जोगी जी के ‘समाजिक न्याय’ और ‘छत्तीसगढ़ प्रथम’ के सिद्धांतों के विपरीत काम किया है। यह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय षड़यंत्र का परिणाम है, जिसके अंतर्गत देश के सभी क्षेत्रीय दलों को एक एक कर नष्ट करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
जिस पार्टी के चिन्ह पर चुनाव जीते और विधायक बने, उसी पार्टी की नीतियों को त्यागने तथा छत्तीसगढ़वाद की क्षेत्रीय विचारधारा को मिटाने का प्रयास करने के कारणवश, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) लोरमी विधायक ठाकुर श्री धरमजीत सिंह को छः वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित करती है।



