#Social

BREAKING CRIME: भाभी ने कराया देवर का मर्डर, पुलिस ने किया गिरफ्तार


Betiya. बेतिया। बेतिया में 28 साल की एक महिला अपने 2 साल के मासूम बेटे के साथ जेल गई है। उस पर अपने देवर की हत्या कराने का आरोप है। बुधवार की शाम पुलिस ने बताया कि 28 अक्टूबर की रात मझौलिया थाना इलाके में अभिनंदन कुमार (24) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मौके से पूर्वी चंपारण नंबर की बाइक बरामद हुई थी। सदर एसडीपीओ-वन विवेक दीप ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि अभिनंदन की हत्या की साजिश उसकी भाभी मीना देवी ने अपनी अवैध संबंध छिपाने के लिए रची थी। सदर एसडीपीओ-वन विवेक दीप ने बताया कि ‘मीना देवी की शादी 3 साल पहले हुई थी। उसका पति दीनानाथ दास पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के नोनिया पांडेय टोला का रहने वाला है।
फिलहाल वह अकेले चंडीगढ़ में रहकर काम करता है।’ इस बीच मीना देवी का अवैध संबंध सुकेश पटेल (20) से हो गया। वह रिश्ते में सुकेश की बुआ लगती है। मीना का देवर अभिनंदन भी बाहर रहता था। हाल में जब वो दीपावली पर घर आया तब उसे भाभी के अफेयर की जानकारी मिली। उसने विरोध किया। यह बात मीना देवी को नागवार गुजरी। इसी बीच मीना देवी ने अपने प्रेमी सुकेश पटेल के साथ मिलकर अभिनंदन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। 28 अक्टूबर को अभिनंदन कपड़ा सिलवाने के लिए जगदीशपुर जा रहा था। इस दौरान उसकी भाभी मीना देवी लगातार उसे कॉल कर रही थी। साथ ही सुकेश को भी कॉल कर अभिनंदन के लोकेशन की जानकारी दे रही थी। अभिनंदन जब मझौलिया थाना इलाके के विशंभरपुर-अहवर शेख मार्ग पर था, वहीं सुकेश ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसे सिर में गोली मार दी। फिर तीनों फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार सुकेश पटेल ने दोनों साथियों मनीष कुमार और आदित्य कुमार को हत्या के प्लान में शामिल किया था। इन दोनों ने एक बाइक चुराई। फिर उसी बाइक से अभिनंदन का पीछा किया। सुकेश लगातार मीना देवी से बात कर उसकी लोकेशन को ट्रैक कर रहा था। पुलिस को सबसे पहले अभिनंदन के शव के पास उसकी बाइक मिली थी। बाइक के नंबर से उसकी पहचान हुई। वहां से कुछ ही दूर पर दूसरी बाइक भी मिली। फिलहाल उसके मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। अभिनंदन के परिवार वालों से पुलिस को उसके दोपहर बाद से ही गायब होने की जानकारी मिली।

पुलिस ने अभिनंदन के कॉल डिटेल्स निकाले। इससे उसकी भाभी के नंबर से लगातार बात होने की जानकारी मिली। फिर भाभी के नंबर का कॉल डिटेल्स निकालने से बाकी आरोपियों की जानकारी मिली। इस तरह पुलिस सुकेश और उसके दोनों साथियों तक पहुंच गई। घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी डॉ शौर्य सुमन ने एक विशेष टीम बनाई थी। इसमें एसडीपीओ के अलावा मझौलिया थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्र, तकनीकी शाखा के रमेश कुमार शर्मा, ज्वाला कुमार सिंह, मझौलिया थाना के दरोगा मनिंद्र कुमार, मनोज कुमार, दीपक कुमार व कई सिपाही शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button