आनेवाली है कोरोना वैक्सीन की पहली खेप, छत्तीसगढ़ में इन्हें लगेगा सबसे पहले टीका
काेरोना संक्रमण के बाद अब इसकी वैक्सीन का इंतजार हो रहा है। इसकी पहली खेप दिल्ली पहुंचने की खबर आ रही है। खबर आ रही है कि 28 दिसंबर को कोरोना वैक्सीन की पहली खेप दिल्ली पहुंच रही है। इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गई गै। राजीव गांधी अस्पताल में ट्रकों में लादकर बड़े आकार के डीप फ्रीजर पहुंचाए गए हैं। छत्तीसगढ़ में इसके जनवरी-फरवरी में आने की संभावना बताई जा रही है। रायपुर एम्स में वैक्सीन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रदेश में सबसे पहले वैक्सीन राजधानी रायपुर में स्थित एम्स के चिकित्सकों, नर्स, स्टाफ, प्रबंधन से जुड़े लोगाें, सुरक्षा गार्ड आदि को लगाई जाएगी। इसके लिए एम्स प्रबंधन ने उन 3500 लोगों की सूची भेज दी है, जिन्हें सबसे पहले वैक्सीन दी जानी है। एम्स द्वारा यह सूची नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में ही भेज दी गई है।
कोरोना संक्रमण का सबसे अधिक खतरा पहले चिकित्सीय कार्यों से जुड़े लोगों को होता है, इसलिए सबसे पहले इन्हें ही वैक्सीन देने का फैसला किया गया है। वैक्सीन के रायपुर पहुंचने के एक-दो दिनों के भीतर ही सभी 3500 लोगों को वैक्सीन लगा दी जाएगी। 3500-3500 लाेगों की दो सूची तैयार की गई है।
पहली सूची में शामिल लोगों को वैक्सीन लगने के पश्चात दूसरी सूची के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके पश्चात शासन द्वारा तैयार रूपरेखा के अनुसार अन्य लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। इसके लिए भी विशेष योजना बनाई जाएगी।



