CM के गृहजिले में फिर गैंगरेप, अकेली महिला को दरिंदों ने बनाया शिकार, एक माह में चौथी घटना
दुर्ग। जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है. दरिंदों ने महिला को घर में अकेली पाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है. इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं दूसरा आरोपी ओडिशा फरार हो गया है. जिसकी तलाश के लिए पुलिस की एक टीम को ओडिशा रवाना किया गया है. आपको बता दें कि बीते एक महीने में प्रदेश में ये चौथी गैंगरेप की घटना है, इससे पहले राजधानी के मंदिरहसौद क्षेैत्र में राखी के दिन सगी बहनों को 10 लोगों ने शिकार बनाया था वहीं 6 सितंबर को जशपुर में शिक्षिका, इसके ठीक दो दिन बाद जतमई घटारानी फिर दो दिन पहले राजधानी रायपुर के एडिशनल एसपी के कार्यालय के नीचे नाबालिग से गैंगरेप किया गया था।
दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि 18 सितंबर की रात वैशाली नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला अपने घर पर अकेली थी. इसी दौरान महिला के परिचित का एक व्यक्ति अपने दोस्त के साथ घर में घुस गया और दरिंदो ने अकेली महिला को पाकर मुंह बंद कर दिया और बारी बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के समय महिला का पति घर पर नहीं था. जब महिला का पति घर लौटा तो उसने अपनी आपबीती पति को बताई. जिसके बाद मामले की शिकायत वैशाली नगर थाने में दर्ज कराई गई. पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया. मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं दूसरा आरोपी फरार हो गया है. जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम को ओडिशा भेजा गया है. दुर्ग एसपी का कहना है की फरार आरोपी को भी पुलिस शीघ्र गिरफ्तार कर लेगी.




