राजधानी में दशहरा उत्सव के लिए दिशा निर्देश जारी, 10 फीट से अधिक ऊंचा नही होगा रावण दहन

रायपुर। शारदीय नवरात्र के बाद अब प्रशासन ने दशहरा उत्सव को लेकर भी दिशा -निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बार दशहरा में रावण के पुतले की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी। इसके साथ ही दशहरा स्थल पर अधिकतम 50 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति होगी। बस्ती या फिर रहवासी इलाके में रावण दहन का कार्यक्रम नहीं होगा।
रायपुर जिले के एडीएम विनीत नंदनवार ने दशहरा उत्सव के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। कोरोना के कहर को देखते हुए दशहरा उत्सव को लेकर भी बंदिशें रहेंगी। रावण दहन स्थल पर किसी प्रकार की सजावट, कार्यक्रम और शोरगुल की मनाही होगी।
क्या हैं दिशा निर्देश
1. रावण के पुतले की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी।.
2. बस्ती और रहवासी इलाकों में रावण दहन का कार्यक्रम नहीं होगा।
3. रावण दहन खुले स्थान पर ही किया जाएगा।
4. दशहरा उत्सव कार्यक्रम में 50 से अधिक लोग एकत्र नहीं होंगे।
5. आवश्यक भीड़ जमा होने पर आयोजन समिति की जिम्मेदारी होगी।
6. कार्यक्रम में शामिल कोई भी व्यक्ति यदि कोरोना से संक्रमित होता है, तो आयोजन समिति को उसके इलाज का खर्च देना होगा।
7. समितियों को सोशल मीडिया पर प्रचार करना होगा कि कार्यक्रम सीमित कर दिया गया है।
8. रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने वाले हर व्यक्ति का नाम, पता और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करना होगा।
9. कार्यक्रम स्थल में 4 सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे।
10. कार्यक्रम स्थल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भंडारा, प्रसाद वितरण नहीं होगा।
11. कार्यक्रम में शामिल हर व्यक्ति को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। आयोजन समिति को सेनेटाइजर की व्यवस्था करनी होगी। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि सोशल डिस्टेसिंग का पूरी तरह से पालन हो।
12. रावण पुतला के सौ मीटर के दायरे में बेरिकेट्स लगाना होगा।
गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में मुख्य दशहरा उत्सव डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में होता है। इसके अलावा चौबे कॉलोनी, रावणभाठा, शंकर नगर बीटीआई मैदान, सिद्धार्थ चौक, टिकरापारा जैसे अनेक स्थानों पर दशहरा उत्सव का आयोजन होता आया है।