IPL: क्वालिफायर-1 : फाइनल में जगह बनाने के लिए मुंबई-दिल्ली होंगे आमने-सामने.. हारने वाली टीम को मिलेगा एक और मौका

IPL: 2020 : IPL के 13वें सीजन के पहले क्वालिफायर में आज शाम 7:30 बजे से मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स दुबई में आमने-सामने होंगी। जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी और हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा।
क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम को 6 नवंबर को होने वाले एलिमिनेटर की विजेता से भिड़ना होगा। उस मैच के विजेता को फाइनल का टिकट मिलेगा। एलिमिनेटर अबु धाबी में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा।
लीग राउंड में मुंबई और दिल्ली पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 में जगह बनाने में कामयाब रहीं। मुंबई ने 14 में से 9 मैच जीते और 5 हारे। 18 पॉइंट्स के साथ उसने टॉप पोजिशन पर कब्जा जमाया। वहीं, दिल्ली ने 14 में से मैच 8 जीते और 6 हारे। वह 16 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रही।

सीजन में दोनों टीम के बीच दो मुकाबले खेले गए। दोनों बार मुंबई ने दिल्ली को हराया। पहले अबु धाबी में सीजन के 27वें मैच में 5 विकेट और दुबई में 51वें मैच में 9 विकेट से हराया था।
मुंबई इंडियंस इस टूर्नामेंट की सबसे बैलेंस्ड टीम है। बैटिंग में कप्तान रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और बॉलिंग में जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे मैच विनर हैं। कीरोन पोलार्ड और क्रुणाल पंड्या जैसे ऑलराउंडर टीम को मजबूती प्रदान करते हैं।
दिल्ली की टीम बल्लेबाजी में शिखर धवन पर निर्भर नजर आ रही है। कप्तान श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज रंग में नहीं हैं। गेंदबाजी में कगिसो रबाडा और एनरिच नोर्तजे को बाकी गेंदबाजों से पूरा सपोर्ट नहीं मिल रहा है।
मुंबई के जिए सीजन में सबसे ज्यादा रन क्विंटन डिकॉक ने बनाए हैं। उन्होंने सीजन में अब तक कुल 443 रन बनाए हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर ईशान किशन का नाम है, जिन्होंने सीजन में अब तक 428 रन बनाए हैं।
सीजन में अब तक सिर्फ 3 बल्लेबाजों ने ही 500 रनों के आंकड़े को पार किया है। किंग्स इलेवन पंजाब के लोकेश राहुल (670), सनराइजर्स हैदराबाद के डेविड वॉर्नर (529) के बाद धवन के नाम 2 शतक समेत 525 रन दर्ज हैं।
दिल्ली के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने सीजन में अब तक 25 विकेट लिए हैं। वे सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इसके बाद मुंबई के जसप्रीत बुमराह का नंबर आता है, जिन्होंने सीजन में 23 बल्लेबाजों को आउट किया है।



