Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में रविवार को 1.49 करोड़ लोगों ने संगम में लगाई डुबकी, अब तक 52.96 करोड़ लोग कर चुके हैं पवित्र स्नान

Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में रविवार को 1.49 करोड़ लोगों ने संगम में लगाई डुबकी, अब तक 52.96 करोड़ लोग कर चुके हैं पवित्र स्नान

Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में अमृत स्नान पर्व और अन्य स्नान पर्व माघी पूर्णिमा बीत जाने के बाद भी आस्था का जनसैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा और रविवार को शाम आठ बजे तक 1.49 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान किया. मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक रविवार को शाम आठ बजे तक 1.49 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में स्नान किया, जबकि 13 जनवरी से अभी तक 52.96 करोड़ लोगों ने महाकुंभ में स्नान किया है.

इस बीच, रविवार को महाकुंभ का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ महाकुंभ मेला में यातायात और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की और प्रयागराज आ रहे सभी श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की.

सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि वे अपने वाहनों को सड़कों पर खड़ा ना करें, बल्कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें. योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं से भंडारे और प्रसाद वितरण की पवित्र व्यवस्था को अनवरत जारी रखने की भी अपील की. प्रयागराज में महाकुंभ मेले में सभी दिशाओं से आ रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने 17 से 20 फरवरी तक ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र में स्थित कक्षा एक से आठ तक के समस्त परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और अन्य समस्त बोर्ड से मान्यता प्राप्त अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यमों के विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं चलाने का निर्देश दिया है.

वहीं, उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रविवार को 238 ट्रेनें चलाई गईं और 10.96 लाख से अधिक यात्रियों ने प्रयागराज के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा की. रेलवे ने शनिवार को 339 ट्रेनें चलाई थीं जिससे 14.76 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की.

उल्लेखनीय है कि शनिवार को 1.36 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में स्नान किया, जबकि इससे पूर्व शुक्रवार को करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान कर महाकुंभ में स्नान करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या को 50 करोड़ के पार पहुंचाया था.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button