Mumbai-Pune एक्सप्रेसवे पर करीब 33 घंटे बाद बहाल हुआ यातायात, गैस टैंकर हटने से मिली राहत, लेकिन अभी भी धीमी है रफ्तार

Mumbai-Pune एक्सप्रेसवे पर करीब 33 घंटे बाद बहाल हुआ यातायात, गैस टैंकर हटने से मिली राहत, लेकिन अभी भी धीमी है रफ्तार

(Photo Credits WC)

Mumbai-Pune Expressway Traffic Update:  महाराष्ट्र की जीवन रेखा कहे जाने वाले पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम से लगा भीषण ट्रैफिक जाम आखिरकार गुरुवार सुबह कम होना शुरू हुआ. खंडाला घाट के अदोशी सुरंग (Adoshi Tunnel) के पास प्रोपलीन गैस से भरे एक टैंकर के पलटने के कारण लगभग 33 घंटों तक यह मार्ग पूरी तरह बाधित रहा. हालांकि अब टैंकर को सुरक्षित हटा लिया गया है, लेकिन सड़क पर वाहनों के भारी दबाव के कारण ट्रैफिक अभी भी रेंग रहा है.

32-33 घंटों का ‘ट्रैफिक टॉर्चर’

यह संकट मंगलवार शाम करीब 5:15 बजे शुरू हुआ जब कोच्चि से सूरत जा रहा एक गैस टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. टैंकर से ज्वलनशील गैस के रिसाव के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने मुंबई जाने वाली लेन को पूरी तरह बंद कर दिया था. इस दौरान एक्सप्रेसवे पर 20 से 25 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों यात्री बिना भोजन और पानी के घंटों फंसे रहे. यह भी पढ़े:  Mumbai-Pune Expressway Traffic Update: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गैस से भरा टैंकर पलटा, 12 घंटे से ज्यादा समय से ट्रैफिक जाम, रात से फंसे हजारों लोग; VIDEO

बचाव कार्य और तकनीकी चुनौतियां

गैस टैंकर के तीन वाल्व क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे रिसाव को रोकना बेहद मुश्किल हो गया था. एनडीआरएफ (NDRF) और बीपीसीएल (BPCL) के विशेषज्ञों की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद गैस को दूसरे टैंकर में स्थानांतरित किया. गुरुवार रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को क्रेन की मदद से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे शुरू किया गया.

टोल वसूली पर लगी रोक

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद, जाम की स्थिति को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली को अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया गया था. हालांकि, यात्रियों ने सोशल मीडिया पर शिकायत की कि कुछ टोल बूथों पर अभी भी शुल्क लिया जा रहा है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, यात्रियों को राहत दी जानी चाहिए.

‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट पर टिकी नजरें

इस बड़े हादसे ने एक बार फिर खंडाला घाट खंड की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि 13.3 किलोमीटर लंबा ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट, जो इस दुर्गम घाट खंड को बाईपास करेगा, 1 मई 2026 (महाराष्ट्र दिवस) तक शुरू होने की उम्मीद है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद ऐसी दुर्घटनाओं और जाम से बड़ी राहत मिलने की संभावना है.

यात्री कृपया ध्यान दें: यदि आप आज मुंबई की ओर यात्रा कर रहे हैं, तो अभी भी भारी वाहनों के बैकलाग के कारण देरी हो सकती है. वैकल्पिक मार्ग के रूप में पुराने मुंबई-पुणे हाईवे या ताम्हिणी घाट का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है.




Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button