NH-27 पर भीषण हादसा, पुलिया से टकराकर खाई में गिरी कार मां-बेटे ने गंवाई जान

Bihar बिहार: मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार को एनएच-27 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। दुर्घटना बेनीबाद थाना क्षेत्र के बरुआरी गांव के पास थिकापाही के नजदीक हुई। बेनीबाद थाना पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मधु श्रीवास्तव अपने बेटे पुनीत श्रीवास्तव के साथ कार से जा रही थीं। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी पुलिया से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहन सड़क से नीचे उतरकर खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार मधु श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई।

मधु श्रीवास्तव दरभंगा जिले के सिमरी की रहने वाली थीं और सिंहवारा हाई स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। दुर्घटना में उनके बेटे पुनीत श्रीवास्तव को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे मां-बेटे को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल पुनीत को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान पुनीत की भी मौत हो गई।

सूचना मिलने के बाद बेनीबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मां-बेटे की मौत से परिवार और रिश्तेदारों में शोक का माहौल है।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button