#Social

OMG! LIVE वीडियो सड़क पर शव फेंकने का, जानें पूरा मामला


गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पैसों के लेनदेन को लेकर हुई मारपीट में घायल 24 वर्षीय युवक हृदय लाल की लखनऊ में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई. इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-गोंडा मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसी दौरान एक चलती एंबुलेंस से शव को स्ट्रेचर समेत सड़क पर गिराए जाने का वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह घटना गोंडा देहात कोतवाली क्षेत्र के बालपुर जाट गांव की है. पुलिस के मुताबिक 1 अगस्त को हृदय लाल के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां मंगलवार को उनकी मृत्यु हो गई. इसकी सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और परिजन व ग्रामीण लखनऊ-गोंडा मार्ग पर एकत्र हो गए.
पुलिस जब मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश कर रही थी, तभी लखनऊ से शव लेकर आ रही एक एंबुलेंस तेजी से वहां से गुजरी. इस दौरान एंबुलेंस के गेट पर लटके एक व्यक्ति ने हृदय लाल के शव को स्ट्रेचर समेत सड़क पर गिरा दिया और एंबुलेंस वहां से भाग गई. इस घटना को किसी ने अपने कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. शव को सड़क पर गिरता देख परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए. महिलाएं शव से लिपटकर रोने लगीं.
पुलिस ने बड़ी मुश्किल से स्थिति को नियंत्रित किया और शव को एक छोटे ट्रक में रखवाकर अंतिम संस्कार के लिए भेजा. सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि मारपीट की घटना में चार नामजद अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ लोगों के उकसावे में आकर एंबुलेंस में मौजूद परिजनों ने सड़क जाम करने की मंशा से शव को उतारा था. पुलिस ने इस मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और शव का अंतिम संस्कार कराया जा रहा है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की गहन जांच की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button