छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बगावत का दौर….भाजपा ने कहा टिकट कटने वाले विधायकों का स्वागत
रायपुर. छत्तीसगढ़ कांग्रेस में टिकट वितरण के बाद बगावती सुर बुलंद होने लगे हैं, कांग्रेस ने जिन 17 विधायकों की टिकट काटी उनमें से कुछ निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं तो कुछ ने भाजपा के संपर्क में हैं, वहीं बृहस्पत सिंह जैसे नेता खुलकर अपने वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ बोल रहे हैं इधर भाजपा ने असंतुष्ट विधायकों को भाजपा में शामिल होने के लिए खुला न्यौता दिया है।
कांग्रेस के बागी विधायकों में कांकेर जिले की अंतागढ़ विधानसभा में इस बार का विधानसभा चुनाव रोचक होने वाला है. अन्तागढ़ विधानसभा सीट में कांग्रेस में बगावत हो गई है. वर्तमान विधायक अनूप नाग निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान करते हुए आज नामांकन भी दाखिल किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र की जनता ने मुझे स्वतंत्र चुनाव लड़ने को कहा है. वर्तमान विधायक नाग ने कहा, मेरा किसी भी राजनीतिक पार्टी, क्षेत्रीय पार्टी से बात नहीं हुईहै, न मैं किसी के पक्ष में जाने वाला हूं. मेरे विधानसभा की जनता चुनाव लड़ने कह रहे हैं. स्वंत्रत रूप से निर्दलीय उम्मीदवार बनकर चुनाव फाइट करूंगा.
नाम वापस लेने को लेकर अनूप नाग ने कहा, मैं कभी नाम वापस नही लूंगा. बता दें कि अन्तागढ़ विधानसभा में कांग्रेस ने अनूप नाग का टिकिट काटकर रुपसिंह पोटाई को टिकिट दिया है. रुपसिंह पोटाई को टिकिट देने से अनूप नाग के समर्थकों में नाराजगी है. साथ ही अनूप नाग के समर्थकों ने आज जिला मुख्यालय में बड़ी संख्या में शक्ति सख्ती प्रदर्शन करते हुए नामांकन रैली भी निकाली.
कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह का बड़ा बयान सामने आया है. टिकट नहीं मिलने पर बृहस्पत सिंह ने उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, अडानी के सहयोग से डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव सीएम बनना चाहते हैं.
पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सालों से लगातार काम कर रहीं पूर्व लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ स्व. परसराम भारद्वाज की बेटी रोमा परसराम भारद्वाज को उम्मीद थी कि इस बार पार्टी उन्हें टिकट देगी, लेकिन पार्टी ने शेषराज हरबंस के नाम पर मुहर लगा दी है. इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर रोमा परसराम भारद्वाज का दर्द छलक उठा. रोमा ने पोस्ट में लिखा कि ‘टिकट उन्हीं को मिलता है, जिनके पास जुगाड़ होता है. बाकी सर्वे तो फसल का भी होता है, लेकिन बीमा नहीं मिलता. इसके अलावा उनके वाल पर टिंकू जांगड़े नाम के कांग्रेस कार्यकर्ता ने एक के बाद एक कई टैग करते हुए लिखा है कि पामगढ़ के जनता बहुत होसियार अऊ बहुत समझदार हे. खेत में धान के बीच करगा ल कैसे निकाल के फेंकथे, ओला पामगढ़ के जनता अच्छा से जानथे.
इधर भाजपा सांसद सुनील सोनी ने टिकट से वंचित कांग्रेस विधायकों को पार्टी में शामिल होने का खुला न्योता दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस चप्पल घिसवाने वाली पार्टी हैं, जिन्हें टिकट नहीं मिली उनका भाजपा में स्वागत करेंगे. जो इस सरकार को उखाड़ फेंकने में भाजपा का सहयोग करेंगे, उन सबका स्वागत है.




