ऐसी दबंगई; बेटी पर गंदी नीयत का विरोध किया तो आदिवासी महिला के घऱ में लगा दी आग
शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में दबंगों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आदिवासी महिला के घर में दबंगों ने आग लगा दी। घर के लोग जान बचाकर बाहर निकले, वहीं मकान में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। बताया गया कि बदमाश पीड़िता की बेटी पर गंदी नियत रखता था। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
यह पूरा मामला जैतपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, झिकबिजरी चौकी के ग्राम कोटा निवासी मंत्री बाई गोंड के घर पर दबंग छोटू मिश्रा ऊर्फ सत्येंद्र ने आग लगा दी। आग लगने घर के अंदर मौजूद लोग जान बचाकर बाहर निकले। बताया जा रहा है कि छोटू मिश्रा पीड़िता की बेटी पर गंदी नियत रखता था।
दबंग की हरकतों से आदिवासी महिला घर आने से मना करती थी। वहीं शुक्रवार को घर आने से मना करने पर बदमाश ने उसके घर में आग लगा दी। फिलहाल पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत जैतपुर थाने में की है। शिकायत पर दबंग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। झिकबिजरी पुलिस आरोपी छोटू मिश्रा ऊर्फ सत्येंद्र की सरगर्मी से तलाश कर रही है।




