सुशांत की ‘ दिल बेचारा’ 24 जुलाई को होगी रिलीज, लोग बिना किसी शुल्क के देख सकेंगे यह फिल्म

बॉलीवुड । अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ 24 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी। फिल्म के निर्देशक मुकेश छाबड़ा ने अपने दिवंगत दोस्त के लिए सोशल मीडिया पर एक इमोशनल नोट शेयर किया। जिसमें उन्होंने बताया कि सुशांत ने हर वक्त में मेरा साथ दिया और मैंने कभी ये नहीं सोचा था कि मैं उनके बिना इस फिल्म को रिलीज करूंगा।

मुकेश छाबड़ा ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘सुशांत सिर्फ निर्देशक के रूप में मेरी पहली फिल्म का हीरो ही नहीं था, बल्कि वो एक प्यारा दोस्त भी था, जिसने हर अच्छे और बुरे वक्त में मेरा साथ दिया। ‘काई पो चे’ से लेकर ‘दिल बेचारा’ तक हम बेहद करीबी रहे।’

‘कई सपने साथ मिलकर देखे थे’

आगे उन्होंने लिखा, ‘उसने मुझसे वादा किया था कि मेरी पहली फिल्म जरूर करेगा। हमने साथ मिलकर कई सारी योजनाएं बनाई थीं, कई सारे सपने एकसाथ मिलकर देखे थे, लेकिन मैंने कभी ये नहीं सोचा था कि मैं उनके बिना इस फिल्म को रिलीज करूंगा।’

छाबड़ा के मुताबिक, ‘उनका और उनकी प्रतिभा का जश्न मनाने का इससे बेहतर तरीका कोई और नहीं हो सकता। इस फिल्म को बनाते वक्त उन्होंने मुझ पर हमेशा ढेर सारा प्यार बरसाया और अब भी उनका प्यार हमारा मार्गदर्शन करेगा, क्योंकि अब हम इसे रिलीज करेंगे।’

लोग बिना किसी शुल्क के देख सकेंगे फिल्म

कास्टिंग डायरेक्टर से फिल्म निर्देशक बने मुकेश छाबड़ा की यह पहली फिल्म है। इस फिल्म में ‘रॉकस्टार’ फेम संजना सांघी बतौरलीड एक्ट्रेस नजर आएंगी। फिल्म की रिलीज के बारे में बताते हुए संजना ने लिखा, ‘सुशांत के प्यार और सिनेमा के प्रति उनके प्यार के लिए यह फिल्म सभी सब्सक्राइबर्स और नॉन-सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध रहेगी।’ इसका मतलब ये हुआ कि इसे देखने के लिए यूजर्स को सिर्फ डिज्नी प्लस हॉटस्टार एप डाउनलोड करना होगा और वे बिना किसी शुल्क के इस फिल्म को देख सकेंगे।

हॉटस्टार ने लिखा था- सुशांत सिंह राजपूत की विरासत का जश्न..

हॉटस्टार प्लस डिज्नी ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान करते हुए गुरुवार को लिखा था, ‘एक कहानी प्यार, उम्मीद और अंतहीन यादों की। दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत की विरासत का जश्न, जो सभी के मन में हमेशा रहेगी और सबका प्यार पाता रहेगा। #दिल बेचारा सभी के लिए 24 जुलाई को आ रही है।’

Related Articles

Back to top button