WEATHER ALERT: 28 राज्यों में बारिश का अलर्ट
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। यहां हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों में यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दोनों तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, 28 सितंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश हो सकती है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात और गोवा में भी बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में बारिश का असर सोमवार को भी जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इससे पहले 27 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगह भारी बारिश दर्ज की गई थी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कायमगंज में 32 सेंटीमीटर, बर्डघाट में 23 सेंटीमीटर और निघासन में 19 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिलारी में 18 सेंटीमीटर और बरेली में 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
Source link


