#Social
कंजक पूजन से नगरोटा का लिदबड़ मेला शुरू

Nagarota Bagwan. नगरोटा बगवां। नगरोटा बगवां के ऐतिहासिक राज्य स्तरीय मेले का शुभारंभ सोमवार को उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा द्वारा कंजक पूजन के साथ किया। मेला कमेटी के अध्यक्ष स्थानीय एसडीएम मुनीष शर्मा ने अपनी टीम के साथ मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा पांच दिवसीय आयोजन की जानकारी दी । उपायुक्त ने स्थानीय नारदा-शारदा मंदिर में पूजा अर्चना के बाद विधिवत कंजक पूजन किया तथा टमक की थाप पर मेले का विधिवत आगाज किया। उन्होंने मेले के सफल आयोजन की समिति को शुभकामनाएं दीं तथा इस दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों को सराहा । मेले के प्रथम दिन बच्चों की कुश्तियों में कांगड़ा के रजत ने अमृतसर के शेरू को हराकर
मैदान मारा।
उधर नगरोटा बगवां के गांधी मैदान में सजा राज्य स्तरीय लिदबड़ मेला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है । इस दौरान एक ही छत के नीचे सजी दुकानों में जहां लोग घरेलू इस्तेमाल का हर सामान खरीद रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार मेले के कारोबारियों द्वारा भी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जहां नामी कलाकार लोगों का मनोरंजन करने के लिए अपनी कला का जादू बिखेर रहे हैं। कारोबारी नवीन सैणी का कहना है कि मेला चार अप्रैल तक चलेगा तथा लोग पहली अप्रैल तक नामी गायकों की आवाज का लुत्फ ले सकेंगे । मेला अध्यक्ष ने बताया कि मेले के अंतिम दिन 28 मार्च को देश भर के नामी पहलवान 51 हजार की कुश्ती के लिए भिड़ेंगे। इसके अतिरिक्त 26 मार्च को नगरोटा बगवां की महिलाएं मैदान में उतरेंगी तथा कई प्रतियोगितात्मक गतिविधियों में अपने जौहर दिखाएंगी तथा पहली बार आयोजित हो रहे महा झमाकड़ा का हिस्सा बनेंगी।



