#Social

केशकाल घाटी में बाइक स्टंट करने वाले दो युवक गिरफ्तार, वीडियो हुआ था वायरल


Kondagaon. कोंडागांव। जिले के केशकाल घाटी में खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट करने वाले दो युवकों को कोंडागांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन युवकों द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के निर्देश दिए। जांच की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल और उप पुलिस अधीक्षक डॉ. भुवनेश्वरी को सौंपी गई। कोंडागांव थाना प्रभारी और यातायात शाखा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
इंस्टाग्राम पर अपलोड हो रहे थे स्टंट वीडियो
जांच में यह सामने आया कि दोनों युवक विश्रामपुरी क्षेत्र के रहने वाले हैं और केशकाल घाट की संकरी और घुमावदार सड़कों पर बाइक से स्टंट करते थे। वे अपने स्टंट को रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर अपलोड करते थे, जिससे युवा वर्ग को आकर्षित करने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन इस तरह के स्टंट न सिर्फ उनकी जान के लिए खतरा थे, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकते थे।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई
कोंडागांव पुलिस ने दोनों युवकों को यातायात शाखा लाकर पूछताछ की और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है। साथ ही उनके सोशल मीडिया एकाउंट्स की निगरानी भी की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों को रोका जा सके।
पुलिस की अपील
पुलिस ने युवाओं से सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कारनामे जीवन के लिए घातक हो सकते हैं और यह दूसरों की सुरक्षा को भी संकट में डालते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह के स्टंट या ट्रैफिक उल्लंघन पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button