#Social

बकायादारों पर बड़ी कार्रवाई: नगर निगम ने केसरी पाइप फैक्ट्री को किया सील


Bilaspur. बिलासपुर। नगर निगम ने बकायादारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टिकरापारा स्थित केसरी पाइप फैक्ट्री को सील कर दिया है। इस फैक्ट्री पर साल 2016-17 से अब तक 33 लाख 84 हजार 354 रुपए का टैक्स बकाया था। नगर निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद फैक्ट्री संचालक ने बकाया टैक्स जमा नहीं किया, जिसके चलते निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर आज अतिक्रमण और राजस्व विभाग की टीम ने फैक्ट्री को सील कर दिया। नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि अन्य बड़े बकायादारों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देश दिए हैं कि 31 मार्च तक अधिक से अधिक बकाया टैक्स वसूली सुनिश्चित की जाए। नगर निगम द्वारा पिछले छह महीनों से चलाए जा रहे सख्त राजस्व वसूली अभियान का असर अब दिखने लगा है। संपत्ति कर समेत अन्य टैक्स नहीं चुकाने वाले बकायादार अब अपने बकाया टैक्स का भुगतान करने लगे हैं।
• फरवरी माह में निगम ने कुल 4 करोड़ 74 लाख 32 हजार रुपए की वसूली की।
• मार्च के पहले पांच दिनों में ही 2 करोड़ 2 लाख 81 हजार रुपए का राजस्व जमा हुआ।
वित्तीय वर्ष की समाप्ति में अब भी 25 दिन शेष हैं, ऐसे में नगर निगम की वसूली में और तेजी आने की संभावना है। निगम कमिश्नर अमित कुमार ने शहरवासियों से 31 मार्च तक बकाया टैक्स जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के राजस्व से ही शहर में मूलभूत सुविधाओं का विकास और नए कार्यों का संचालन किया जाता है। उन्होंने नागरिकों से समय पर टैक्स जमा करने का अनुरोध करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष के अंतिम समय में किसी भी असुविधा से बचने के लिए जल्द से जल्द बकाया राशि का भुगतान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button